"बच्चों को मोबाइल से रखें दूर, संस्कार दें": सीवान के बड़हरिया में अभिभावक सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञ की अपील
अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते प्रधानाचार्य आलोक शर्मा व अन्य
सीवान के बड़हरिया में आयोजित अभिभावक सम्मेलन में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया. विशेषज्ञों ने मोबाइल के अनियंत्रित उपयोग को रोकने और भारतीय संस्कारों को बढ़ावा देने की अपील की.
Parent-Teacher Meeting: बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीनाथ सरस्वती विद्या मंदिर, बड़हरिया के प्रांगण में विद्यालय प्रबंध समिति और शिक्षकों के संयुक्त तत्वावधान में अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, घर में सकारात्मक अध्ययन का माहौल बनाने, भारतीय संस्कारों के संवर्धन और मोबाइल के अनावश्यक उपयोग पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई.
आपके शहर में
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सह मुख्य वक्ता विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम, संकुल प्रमुख कुमार विजय रंजन, प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र साह, सचिव अनिल कुमार मिश्र, कोषाध्यक्ष रामबाबू यादव, सदस्य शैलेश कुमार व अनिल सिंह सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया.
कक्षा दसवीं की छात्राओं अंकिता कुमारी, रिया कुमारी, प्रियंगना कुमारी और प्रिया कुमारी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. शिक्षिका चिंता दीदी ने प्रेरणादायी एकल गीत प्रस्तुत किया. प्रधानाचार्य आलोक कुमार शर्मा ने अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया.
बच्चों के विकास में परिवार और विद्यालय की अहम भूमिका
मुख्य वक्ता अनिल कुमार राम ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, शैक्षणिक और नैतिक विकास शामिल है. बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. बच्चों की सफलता केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शिक्षक और अभिभावक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है.
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके संस्कार, अनुशासन और दिनचर्या पर भी ध्यान देने की अपील की. उन्होंने बच्चों को मोबाइल के अनावश्यक और अनियंत्रित उपयोग से दूर रखने तथा उनसे नियमित संवाद करने पर विशेष जोर दिया.
अभिभावकों ने रखे सुझाव और समस्याएं
सम्मेलन के दौरान खुले संवाद सत्र का आयोजन किया गया. इसमें अभिभावकों ने विद्यालय और विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को सामने रखा. प्रधानाचार्य ने अभिभावकों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक सुझाव दिए. इस दौरान विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद एवं सहभागिता को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया.
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीकांत भारती ने किया. अध्यक्षीय आशीर्वचन और आभार ज्ञापन के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ सम्मेलन का समापन हुआ. सम्मेलन में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए