सीवान: बारिश से जलमग्न हुआ अरंडा स्वास्थ्य केंद्र, तीन दिनों से ओपीडी सेवा ठप

Author Umashankar ram|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
अरंडा स्वास्थ्य केंद्र जलमग्न, तीन दिनों से ओपीडी सेवा बाधित

सीवान के अरंडा स्वास्थ्य केंद्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। तीन दिनों से ओपीडी सेवा ठप होने से मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। जर्जर भवन से भी खतरा बना हुआ है।

विज्ञापन

सीवान: हसनपुरा लगातार हो रही बारिश ने प्रखंड के अरंडा स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्वास्थ्य केंद्र परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है. पिछले तीन दिनों से ओपीडी सेवा ठप रहने के कारण मरीजों को इलाज के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है.

तीन दिनों से प्रभावित है ओपीडी सेवा

लगातार जलभराव के कारण स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का आना-जाना मुश्किल हो गया है. सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन 20 से 30 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं लगभग ठप हो गई हैं. इससे आसपास के गांवों के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

जर्जर भवन से भी बना हुआ है खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार अरंडा स्वास्थ्य केंद्र का भवन काफी जर्जर हो चुका है. आए दिन छत का प्लास्टर टूटकर गिरता रहता है, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने भवन की मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.

दवाएं और उपकरण सुरक्षित स्थान पर रखे गए

स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चिकित्सक डॉ. अहसानुल्लाह ने बताया कि जलभराव के बावजूद दवाओं और चिकित्सा उपकरणों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. उन्होंने बताया कि बारिश की आशंका को देखते हुए फ्रीज सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों और दवाओं को पहले ही सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रख दिया गया था.

जिला स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई रिपोर्ट

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरिश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन और जलजमाव की समस्या की विस्तृत रिपोर्ट जिला स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर जलनिकासी की व्यवस्था बहाल की जाएगी और स्वास्थ्य सेवाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू होंगी.

ग्रामीणों ने की शीघ्र समाधान की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल जलजमाव की समस्या से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी होती है. उन्होंने प्रशासन से स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द बहाल करने की मांग की है.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


विज्ञापन
Umashankar Ram

लेखक के बारे में

By Umashankar Ram

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन