सीवान में 80 वर्षीय वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, पुराने विवाद ने ली जान, आरोपी की तलाश में पुलिस

घटना स्थल पर उपस्थित परिजन
Siwan Hasanpura Murder News : सीवान के हसनपुरा में पुराने विवाद के चलते 80 वर्षीय वृद्ध सत्यदेव सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Siwan Hasanpura Murder News : सीवान जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के गुरुजवा जलालपुर गांव में शनिवार देर शाम 80 वर्षीय एक वृद्ध की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. परिजनों ने पुराने विवाद में हमला किए जाने का आरोप लगाया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की. पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपितों की तलाश में जुटी है.
पुराने विवाद में वृद्ध पर हमले का आरोप
एमएच नगर थाना क्षेत्र के गुरुजवा जलालपुर गांव में 80 वर्षीय सत्यदेव सिंह पर शनिवार देर शाम कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला किया गया. परिजनों का आरोप है कि घटना पुराने विवाद को लेकर हुई. वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
मृतक के पुत्र बृज किशोर सिंह के अनुसार, उनके पिता पुराने घर से नए घर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हसनपुरा ले जाया गया. वहां से चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल, सीवान रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एमएच नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. बाद में एसडीपीओ अजय कुमार सिंह भी घटनास्थल पहुंचे. उनके निर्देश पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए.
प्राथमिकी का इंतजार, छापेमारी जारी
समाचार लिखे जाने तक मामले में लिखित आवेदन नहीं मिलने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी. थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
परिवार में मातम का माहौल
सत्यदेव सिंह के निधन के बाद परिवार में शोक का माहौल है. उनके परिवार में एक पुत्री और पांच पुत्र हैं. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
Also Read : सीवान के इस गांव में चौथी बार जला ट्रांसफार्मर, 1500 से ज्यादा उपभोक्ता अंधेरे में, ग्रामीणों की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











