परसौनी में स्टैंड फैन के करंट से 26 वर्षीय युवक की मौत, सीएचसी पर इलाज में लापरवाही का आरोप

मृतक विक्की कुमार की फाइल तस्वीर
सीतामढ़ी जिले के परसौनी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां स्टैंड फैन में उतरे करंट से 26 वर्षीय युवक विक्की की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद सीएचसी पर इलाज में लापरवाही का आरोप भी लगाया गया है, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के परसौनी थाना क्षेत्र के अंडहरा गांव में मंगलवार सुबह स्टैंड फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से 26 वर्षीय विक्की कुमार की मौत हो गई. घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से सदर अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
मोटरसाइकिल धोने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक बलराम कापड़ का सबसे छोटा पुत्र था. मंगलवार सुबह करीब 10 बजे विक्की मोटरसाइकिल धोने के बाद स्नान कर अपने कमरे में गया.
इसी दौरान उसने करंट प्रवाहित हो रहे स्टैंड फैन को छू लिया, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा.
ग्रामीणों ने अस्पताल पर लगाए आरोप
परिजन घायल अवस्था में विक्की को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
ग्रामीण मुरारी कुमार और चंदन कुमार ने आरोप लगाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किए बिना ही उसे रेफर कर दिया गया. उनका कहना है कि यदि समय पर इलाज मिलता तो उसकी जान बच सकती थी.
इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
गांव में शोक, पुलिस ने शुरू की जांच
बताया गया कि विक्की कुमार सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय था. उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है.
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. मामले में यूडी (Unnatural Death) केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राकेश कुमार राज
राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










