रीगा चीनी मिल में वेल्डिंग के दौरान 27 वर्षीय मजदूर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रतीकात्मक तस्वीर
रीगा चीनी मिल में एक वेल्डिंग दुर्घटना में 27 वर्षीय मजदूर मणि यादव की दुखद मृत्यु हो गई. इस घटना ने मिल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और मजदूर सभा ने मुआवजे की मांग की है.
Sitamarhi News: रीगा चीनी मिल में वेल्डिंग का काम कर रहे 27 वर्षीय मजदूर मणि यादव की सोमवार को हादसे में मौत हो गई. वेल्डिंग के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद साथी मजदूर उन्हें इलाज के लिए सीतामढ़ी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक मणि यादव मूल रूप से सिवान जिले का रहने वाला था और पिछले कुछ दिनों से रीगा चीनी मिल में कार्यरत था.
हादसे के बाद साथी मजदूर अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना के बाद मिल में मौजूद अन्य मजदूरों ने घायल मणि यादव को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मजदूर सभा ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
रीगा चीनी मिल मजदूर सभा के अध्यक्ष रामबाबू राय ने घटना पर दुख जताते हुए आरोप लगाया कि मिल में मजदूरों से जान जोखिम में डालकर काम कराया जाता है, लेकिन उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते.
उन्होंने कहा कि पहले भी मिल में कई मजदूरों की मौत और कई अन्य के घायल होने की घटनाएं हो चुकी हैं. ऐसे मामलों से सबक लेने की जरूरत है.
परिजनों को मुआवजा देने की मांग
मजदूर सभा ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है.
अध्यक्ष रामबाबू राय ने कहा कि इस संबंध में प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांग रखी जाएगी.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राकेश कुमार राज
राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










