सीतामढ़ी: पुपरी में कर्पूरी चौक-सिंगियाही रोड बदहाल, गड्ढों के कारण एनएच 527 सी जाना हुआ मुश्किल

Updated:
विज्ञापन
Sitamarhi News Pupri singiyahi road karpoori chowk nh 527c damaged potholes executive officer statement

प्रतीकात्मक तस्वीर

Sitamarhi News: पुपरी में कर्पूरी चौक से एनएच 527 सी को जोड़ने वाली सिंगियाही रोड जर्जर होने से लोग परेशान हैं. गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं. नप ईओ ने जल्द गड्ढे भरने और टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Sitamarhi News: नगर परिषद क्षेत्र की घनी आबादी को एनएच 527 सी और दर्जनों गांवों से जोड़ने वाली सिंगियाही रोड पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. कर्पूरी चौक से शुरू होने वाली यह मुख्य सड़क अब बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. हालत यह है कि कई जगहों पर राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है. सड़क की इस बदहाली के कारण आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है.

बरसात में जलजमाव से बढ़ती है मुसीबत, टैक्स लेकर भी सुविधा नहीं

स्थानीय नागरिक गुलाब ठाकुर, कुमार मंगलम् और अभिषेक कुमार मोना ने बताया कि बरसात शुरू होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है. जलजमाव के कारण चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. लोगों का आरोप है कि नगर परिषद समय पर हाउस टैक्स और यूजर चार्ज तो वसूलती है, लेकिन सड़क जैसी मूलभूत सुविधा नहीं दे पा रही है. वार्ड पार्षद से लेकर कार्यालय तक शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मानसून से पहले सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे.

स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा निर्माण: नप कार्यपालक पदाधिकारी

मामले को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) केशव गोयल ने बताया कि उक्त सिंगियाही रोड और पक्का नाला निर्माण के लिए विस्तृत प्रारूप (प्रपोजल) बनाकर स्वीकृति के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है. विभागीय मंजूरी मिलते ही तुरंत निविदा (टेंडर) निकालकर पक्का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा. उन्होंने स्थानीय नागरिकों को राहत देते हुए कहा कि फिलहाल आम जनता की सुविधा के लिए एक सप्ताह के भीतर सड़क के बड़े गड्ढों को भरवाकर इसे सुगमता से चलने लायक बना दिया जाएगा.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन