सीतामढ़ी: पुपरी में मुख्य सड़क से बाजार समिति मार्ग बदहाल, जलजमाव और गड्ढों से व्यापारी परेशान
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 01 Jun 2026 9:00 AM
जल जमाव व गड्डोंवाली मुख्य सड़क
Sitamarhi News: पुपरी में मुख्य सड़क से बाजार समिति जाने वाला एकमात्र रास्ता बदहाल है. सड़क पर जलजमाव, गड्ढों और कीचड़ से उठने वाली दुर्गंध से व्यापारी और ग्राहक परेशान हैं, जिससे मंडी का कारोबार चौपट हो रहा है. जानिए पूरी खबर…
सीतामढ़ी के पुपरी से बैद्यनाथ ठाकुर की रिपोर्ट
Sitamarhi News: मुख्य सड़क को बाजार समिति से जोड़ने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग इन दिनों व्यापारियों और आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. पूरी सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में हर समय गंदा पानी जमा रहता है. इस गंदे पानी से उठने वाली भीषण दुर्गंध के कारण स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और ग्राहकों का जीना मुहाल हो गया है.
आए दिन हो रहे हादसे, कारोबार हो रहा चौपट
बाजार समिति मंडी होने के कारण रोजाना सैकड़ों व्यापारी, किसान और ग्राहक इसी रास्ते से गुजरते हैं. सड़क पर अत्यधिक जलजमाव, कीचड़ और फिसलन की वजह से आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं. मालवाहक गाड़ियों से सामान गिरकर नष्ट हो रहा है. व्यवसायी रवि भगत, माधव दास, जफ्फरुला खान और वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि नरकीय स्थिति के कारण ग्राहक अब मंडी आने से कतरा रहे हैं, जिससे व्यापार चौपट हो रहा है. नियमित टैक्स देने के बाद भी उन्हें यह मूलभूत सुविधा नसीब नहीं हो रही है.
अधिकारियों से शिकायत बेअसर, आंदोलन की चेतावनी
व्यापारियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और नगर परिषद कार्यालय में दर्जनों बार लिखित आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई. आक्रोशित व्यवसायियों ने जिलाधिकारी (डीएम) से अविलंब सड़क मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. इस संबंध में एसडीओ गौरव कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क की मरम्मत कराई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










