Sitamarhi News: श्रावणी मेला में 90 हजार श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम, सुरक्षा होगी और कड़ी

Updated:
विज्ञापन
फोटो-3 बैठक में डीडीसी श्वेता भारती, सदर एसडीओ, न्यास समिति से जुड़े लोग व अन्य पदाधिकारी.  | Prabhat Khabar Network

बैठक में डीडीसी श्वेता भारती, सदर एसडीओ, न्यास समिति से जुड़े लोग व अन्य पदाधिकारी

सीतामढ़ी के श्री हलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में आगामी श्रावण मास मेले के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. हर सोमवार 80-90 हजार श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है, जिसके लिए सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था कड़ी की गई है.

विज्ञापन

Sitamarhi News: आगामी श्रावण मास मेला को लेकर फतहपुर गिरमिसानी स्थित पौराणिक श्री हलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. बुधवार को श्री हलेश्वर नाथ मंदिर न्यास समिति की बैठक डीडीसी सह न्यास समिति की अध्यक्ष श्वेता भारती की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई.

हर सोमवार 80 से 90 हजार कांवरियों के पहुंचने का अनुमान

बैठक में बताया गया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को करीब 80 से 90 हजार कांवरिये और श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं. इसे देखते हुए इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया है. 100 स्थानीय स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जिन्हें पहचान पत्र और बैज उपलब्ध कराया जाएगा.

पुलिस बल, स्वास्थ्य शिविर और वन-वे ट्रैफिक की व्यवस्था

प्रत्येक सोमवार को पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल और महिला पुलिस बल की तैनाती रहेगी. वहीं, ढेंग बागमती घाट पर रविवार को भी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी. भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग होंगे, जबकि सीतामढ़ी से आने वाले वाहनों के लिए वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी.

सफाई, पेयजल और रोशनी की भी होगी व्यवस्था

नगर निगम की ओर से मंदिर परिसर में 10 सफाईकर्मी, दो पानी के टैंकर और एक चलंत शौचालय की व्यवस्था की जाएगी. सिविल सर्जन को प्रत्येक सोमवार स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा मंदिर परिसर और पार्किंग स्थल पर पर्याप्त रोशनी, जेनरेटर, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष तथा सड़क मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.

अनधिकृत दुकानों पर रहेगी नजर

बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर के आसपास अनधिकृत दुकानों पर रोक लगाई जाएगी और दुकानों का क्रमवार संचालन सुनिश्चित किया जाएगा. इसकी जिम्मेदारी पुनौरा थानाध्यक्ष को सौंपी गई.

बैठक में डीआरडीए निदेशक राजेश भूषण, एनईपी निदेशक शशिकांत शर्मा, सदर एसडीओ आनंद कुमार, नगर आयुक्त गजेंद्र प्रसाद सिंह, ट्रैफिक डीएसपी अविनाश कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, डुमरा बीडीओ अभिषेक चंदन, पुनौरा थानाध्यक्ष रमन राज तथा मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
राकेश कुमार राज

लेखक के बारे में

By राकेश कुमार राज

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन