रिक्शा खड़ा करने के विवाद में गई जान, सीतामढ़ी के गुदरी बाजार में चालक की मौत से सनसनी

प्रतीकात्मक तस्वीर
सीतामढ़ी के गुदरी बाजार में रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने एक जान ले ली. रिक्शा चालक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
Sitamarhi News: शहर के गुदरी बाजार में रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में एक रिक्शा चालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मेहसौल वार्ड संख्या-27 निवासी मो. जमील अख्तर के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
भोजन के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मो. जमील अख्तर सड़क किनारे रिक्शा खड़ा कर भोजन कर रहे थे. इसी दौरान रिक्शा हटाने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया.
कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया. आरोप है कि मारपीट में जमील अख्तर गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घायल रिक्शा चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी ने बताया कि मामले में दो लोगों से पूछताछ की जा रही है. परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
अन्य आरोपियों की भी हो रही पहचान
पुलिस के अनुसार, मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. सभी पहलुओं पर जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
अमिताभ पिछले 17 वर्षों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक दोनों माध्यमों में सक्रिय रहे हैं. एक खोजी पत्रकार के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. भ्रष्टाचार, अपराध एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे हमेशा सामाजिक सरोकारों और आम लोगों की समस्याओं को निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










