सीतामढ़ी: पुपरी में सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ी आस्था, नागेश्वरनाथ मंदिर में लगी लंबी कतार
नगर के नागेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में जलाभिषेक हेतु उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सीतामढ़ी के पुपरी में सावन की अंतिम सोमवारी पर आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला. नागेश्वरनाथ मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में भक्तों ने भारी संख्या में पहुंचकर जलाभिषेक किया. तेज धूप और गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना.
Sitamarhi News: पुपरी. सावन मास की चौथी और अंतिम सोमवारी पर सोमवार को अनुमंडल मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही धूप और गर्मी की परवाह किए बिना श्रद्धालु गंगाजल और जल लेकर मंदिरों की ओर पहुंचे. इस दौरान बोल बम, हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया. शहर के प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ और पंचेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गयी.
आपके शहर में
Pupri News: नागेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से लगी कतार

नागेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, कुएं के जल और बालगंगा के जल से बाबा का जलाभिषेक किया. भक्तों ने बेलपत्र, अक्षत, मधु, घी, भांग, आक, जहरकनईल के फूल-फल और कमल का फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि और मनोकामना की कामना की.
पूरे मंदिर परिसर और आसपास का इलाका हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा.
अन्य शिवालयों में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नागेश्वरनाथ के अलावा नर्मदेश्वरनाथ महादेव, पंचेश्वरनाथ महादेव, झझिहट स्थित रामेश्वरनाथ महादेव, धरमपुर-डुम्हारपट्टी के बीच स्थित बाबा धुर्जटीनाथ महादेव और भीमा मकलेश्वर स्थित बाबा मकलेश्वरनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही.
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों और पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गयी थी. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक कराया गया.
पुलिस प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
भीड़ और विधि-व्यवस्था को देखते हुए एसडीओ गौरव कुमार, ईओ केशव गोयल और थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार पुलिस बल के साथ नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर समेत अन्य स्थानों का भ्रमण करते रहे.
मंदिर समिति के सचिव डॉ. ओमप्रकाश, उमाशंकर चौधरी, सौरभ अभिषेक, रजनीश कुमार समेत अन्य सदस्य भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे.
खिचड़ी महाप्रसाद और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की ओर से खिचड़ी महाप्रसाद का आयोजन किया गया. वहीं पीएचसी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया.
सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को दिखाया. तेज धूप और गर्मी के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ.
यह भी पढ़ें: सस्ता नारियल पानी देने का झांसा, कारोबारी से साइबर अपराधियों ने ठगे 2.10 लाख रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए