सीतामढ़ी-शिवहर में निशांत कुमार ने संभाली कमान, जदयू संगठन को मजबूत करने पर जोर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते स्वास्थ्य मंत्री व जदयू नेता निशांत कुमार.
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सीतामढ़ी और शिवहर जिले के जदयू पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की. उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी. बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सोमवार को सीतामढ़ी और शिवहर जिले के जदयू पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली. इस दौरान दोनों जिलों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. मंत्री ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया.
आपके शहर में
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि पार्टी की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं. संगठन जितना मजबूत और सक्रिय होगा, उतनी ही मजबूती से पार्टी की विचारधारा और विकास की सोच जनता तक पहुंचायी जा सकेगी.
उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने की अपील की.
नीतीश कुमार के 20 वर्षों की उपलब्धियां बताने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
मंत्री ने संगठनात्मक गतिविधियों में बेहतर समन्वय के साथ पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की बात कही.
दोनों जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह ने किया. मौके पर विधान परिषद सदस्य रेखा कुमारी, विधायक पंकज मिश्रा, विधायक प्रो. नागेंद्र राउत, पूर्व मंत्री डॉ. रंजू गीता, प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा, जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कुशवाहा और शिवहर जिलाध्यक्ष कमलेश पांडेय मौजूद रहे.
इसके अलावा जिला प्रवक्ता प्रो. अमर सिंह, शादाब अहमद खान, सुजीत झा, शकीरुल रहमान अंसारी, डॉ. एनके शाही समेत दोनों जिलों के विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: घर के बाहर बैठी महिला को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए