सीतामढ़ी: सुबह खेत की ओर निकले ग्रामीणों ने देखा शव, सपहा में अधेड़ की हत्या से सनसनी
शव को देखते लोग
सपहा गांव के पश्चिम सरेह में एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से वार के गंभीर निशान मिले हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
Sitamarhi News: चोरौत थाना क्षेत्र के भंटाबारी पंचायत अंतर्गत सपहा गांव के पश्चिम सरेह में रविवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सपहा गांव निवासी गणपति ठाकुर के 51 वर्षीय पुत्र सखीचंद्र ठाकुर के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया है. प्रथम दृष्टया मृतक के पेट, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं.
Choraut News: सरेह में मिला अधेड़ का शव
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह कुछ ग्रामीण खेत में काम करने के लिए निकले थे. इसी दौरान उनकी नजर सपहा गांव के पश्चिम सरेह में पड़े एक शव पर पड़ी. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
बाद में शव की पहचान सखीचंद्र ठाकुर के रूप में की गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
पेट और गर्दन पर मिले धारदार हथियार के निशान
प्रभारी थानाध्यक्ष सह अपर थानाध्यक्ष विक्की कुमार ने बताया कि मृतक के पेट और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं. शरीर के अन्य हिस्सों पर भी जख्म के निशान पाए गए हैं.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की जा रही है.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए.
पुलिस के अनुसार एफएसएल रिपोर्ट तथा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हत्या की घटना की जांच की जा रही है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी, दो पुत्रियों और एक पुत्र का रो-रोकर बुरा हाल है.
जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि साधु साफी, पंचायत समिति सदस्य हनुमान शरण राय तथा पूर्व उपप्रमुख सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य केशव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटना पर दुख जताया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.
यह भी पढ़ें: जटाशंकर धाम में 251 कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा, सावन की दूसरी सोमवारी पर शुरू हुआ अनुष्ठान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए