सीतामढ़ी: महापौर के आवास से आधा किमी दूर सुंदरनगर में जलजमाव, नगर निगम के दावों पर सवाल
नगर की बदहाल सड़कें
सीतामढ़ी के सुंदरनगर में सड़क पर लगातार जलजमाव, जर्जर नाले और टूटी स्लैब ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. नगर निगम की महापौर के आवास से चंद दूरी पर स्थित इस इलाके की बदहाल स्थिति नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है. वर्षों से समस्या से जूझ रहे लोग अब स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी शहर के मेहसौल इलाके के वार्ड संख्या-37 स्थित सुंदरनगर में सड़क पर स्थायी जलजमाव, जर्जर नाला और टूटी स्लैब के कारण स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से दुर्गंध फैल रही है और आवागमन में भी मुश्किल हो रही है. खास बात यह है कि यह इलाका नगर निगम की महापौर के आवास से आधा किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है, बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
Sitamarhi News: नाला है, फिर भी सड़क पर जमा रहता है पानी
सुंदरनगर की पक्की सड़क के किनारे नाला बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा रहता है. स्थानीय लोगों के अनुसार जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और नाले की नियमित सफाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है.
जलजमाव के कारण आसपास के इलाके में दुर्गंध फैलती है. इससे स्थानीय लोगों के साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
मुख्य मार्ग पर टूटी स्लैब, हर समय हादसे का डर
वार्ड संख्या-37 का मुख्य मार्ग मोहनपुर, लक्ष्मीनगर, सुंदरनगर और मंगूराहा को जिला मुख्यालय डुमरा से जोड़ता है. इसी महत्वपूर्ण सड़क पर नाले की कई स्लैब क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं.
जलजमाव के बीच टूटी स्लैब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है.
कई गांवों के लिए श्मशान घाट जाने का रास्ता भी यही
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क आसपास के कई गांवों को श्मशान घाट से जोड़ती है. किसी व्यक्ति की मौत होने पर अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने के दौरान भी लोगों को जलजमाव और बदहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ता है.
लोगों का कहना है कि वर्षों से समस्या झेलने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है. समस्या के समाधान के नाम पर केवल आश्वासन मिलने से लोगों में नाराजगी है.
लोगों ने उठाए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि महापौर के आवास से आधा किलोमीटर से भी कम दूरी पर सड़क और नाले की ऐसी स्थिति है, तो शहर के दूर-दराज वार्डों में विकास और सफाई व्यवस्था का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है.
लोगों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, नाले की नियमित सफाई तथा क्षतिग्रस्त स्लैब की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.
इन लोगों ने उठाई आवाज
भाजपा युवा नेता शैलेंद्र कुमार झा, हरिशंकर यादव, अनिल राम, गुड्डू कुमार, संजीव कुमार झा, सूरज कुमार, किशन कुमार, पप्पू कुमार यादव, सरोज राय, उपेंद्र साह, शंकर साह और मिथिलेश कुमार यादव समेत अन्य स्थानीय लोगों ने समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की.
बोले नगर आयुक्त
नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा. इसके बाद जलजमाव, नाले और टूटी स्लैब की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी.
यह भी पढ़ें: एसएसबी जवानों और छात्रों ने मिलकर रोपे पौधे, लिया हरियाली का संकल्प
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रतिकांत झा
रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










