Sitamarhi News: सीतामढ़ी में 8 साल के मासूम का मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हाथ में मासूम का फोटो लेकर रोते बिलखते परिजन
सीतामढ़ी के डुमरा में 8 साल के आदित्य की गड्ढे में संदिग्ध हालात में लाश मिलने से हड़कंप मच गया है. परिजनों ने गांव के लोगों पर जमीन विवाद और रंजिश में हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में कुम्हरा विशनपुर मंडल टोला, वार्ड नंबर आठ में आठ वर्षीय आदित्य कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है. मंगलवार को सरेह स्थित गड्ढे से आदित्य का शव बरामद होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है.
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश का आरोप
मृत बच्चे के दादा विंदेश्वर मंडल ने पुलिस को बताया कि गांव के ही गणेश मंडल से परिवार का करीब छह वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. आदित्य के गायब होने से करीब पांच दिन पहले भी गणेश मंडल के परिजनों से विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान गणेश मंडल की पत्नी लीला देवी, बेटी रीमा देवी व मुन्नी देवी ने कथित तौर पर पोते के गायब होने की बात कही थी. इस बात को लेकर परिजनों ने मामले में रंजिशवश हत्या का संदेह जताया है.
सोमवार शाम से लापता था मासूम
परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम आदित्य घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद देर रात करीब एक बजे डुमरा थाना में उसके लापता होने की सूचना दी गयी. मंगलवार दोपहर सरेह के गड्ढे में उसका शव मिला. परिजनों के अनुसार, बच्चे के हाथ में पहले से चोट थी और हाथ टूटा हुआ था, साथ ही शव के दांत भी टूटे मिले.
डॉग स्क्वायड की मांग को लेकर हंगामा
शव मिलने के बाद परिजनों ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग की और करीब दो घंटे तक शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया. बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद शव को सदर अस्पताल भेजा गया.थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. शव मिलने के बाद परिजनों ने गांव के कुछ लोगों को आरोपी बनाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी. पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंद्र मोहन झा
चंद्रमोहन विगत 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे जिला और ब्लॉक स्तर पर क्राइम तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी संवेदनशील खबरों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के समसामयिक मुद्दों पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










