सीतामढ़ी: सिमरा में 13 अगस्त को लगेगा सोलर लोन मेला, डीएम रिची पांडेय करेंगी उद्घाटन
सीतामढ़ी में 13 अगस्त को 'सोलर लोन मेला' का आयोजन हो रहा है, जहाँ जिला पदाधिकारी रिची पांडेय उद्घाटन करेंगी. इस मेले का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना और बिजली बिल कम करने में मदद करना है. यहां आपको सब्सिडी, बैंक लोन और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी एक ही छत के नीचे मिलेगी.
Solar Loan Mela: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जिले में व्यापक रूप से लागू करने और अधिक से अधिक घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से 13 अगस्त को सीतामढ़ी जिला मुख्यालय के सिमरा स्थित विद्युत विभाग कार्यालय परिसर में 'सोलर लोन मेला' का आयोजन किया जाएगा. मेले का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी (समाहर्ता) रिची पांडेय प्रातः 11 बजे करेंगी, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा. पुपरी के विद्युत कार्यपालक अभियंता मो. नवील अंसारी ने यह जानकारी दी है.
बिजली बिल से राहत और आकर्षक सब्सिडी
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सस्ती सौर ऊर्जा उपलब्ध कराकर उनके बिजली बिल को काफी हद तक कम करना है. इसके तहत इच्छुक घरेलू उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर उनकी आवश्यकतानुसार सोलर सिस्टम स्थापित कराया जाएगा.
योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा क्षमता के आधार पर वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है,
- 1 किलोवाट क्षमता पर: 30,000 रुपये की सब्सिडी
- 2 किलोवाट क्षमता पर: 60,000 रुपये की सब्सिडी
- 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर: अधिकतम 78,000 रुपये तक की सब्सिडी
स्वीकृति और पात्रता के बाद यह सब्सिडी राशि सीधे लाभुक के बैंक खाते में भेजी जाएगी. इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं के लिए विभिन्न बैंकों के माध्यम से बेहद कम ब्याज दरों पर ऋण (लोन) उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी जानकारियां
इस मेले की सबसे बड़ी खूबी यह होगी कि उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम की स्थापना, मिलने वाली सरकारी सब्सिडी, बैंक लोन की प्रक्रिया, आवेदन के चरण और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी तमाम जानकारियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी.मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित सोलर कंपनियों के प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी तथा सीतामढ़ी एवं पुपरी विद्युत प्रमंडल के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो उपभोक्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे. विद्युत कार्यपालक अभियंता मो. अंसारी ने जिले के सभी घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में पहुंचें, आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और सरकारी सब्सिडी तथा कम ब्याज पर ऋण का लाभ उठाकर अपने बिजली खर्च को कम करें.
यह भी पढ़ें... फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर शराब तस्करी: मिनी ट्रक में बना रखा था गुप्त तहखाना, 124 कार्टन विदेशी शराब बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










