Flood Preparedness Sitamarhi: बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर एसडीएम ने किया तटबंधों का निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

Updated:
विज्ञापन
Flood Preparedness Sitamarhi Sdm inspected bagmati embankments flood preparedness review meeting

निरीक्षण करते एसडीएम आनंद कुमार

Flood Preparedness Sitamarhi: मानसून से पहले एसडीएम आनंद कुमार ने सुप्पी और बैरगनिया में बागमती तटबंध का निरीक्षण किया.उन्होंने चौबीसों घंटे निगरानी और बाढ़ निरोधक सामग्रियों के भंडारण का निर्देश देते हुए चकवा पंचायत सरकार भवन का भी जायजा लिया.

विज्ञापन

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

Flood Preparedness Sitamarhi: आगामी मानसून और बाढ़ की आशंका को देखते हुए सीतामढ़ी में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.इसी क्रम में एसडीएम आनंद कुमार द्वारा प्रखंड सुप्पी के जमला परसा तटबंध और प्रखंड बैरगनिया के अंतर्गत बागमती तटबंध का सघन स्थल निरीक्षण किया गया.निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने तटबंधों की वर्तमान स्थिति, संवेदनशील स्थलों तथा बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया.एसडीएम ने अधिकारियों को सुरक्षात्मक कार्यों को ससमय पूरा करने की हिदायत दी.

चौबीसों घंटे होगी निगरानी, पर्याप्त संसाधन रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मौजूद विभागीय पदाधिकारियों और तकनीकी कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे तटबंधों की चौबीसों घंटे सतत निगरानी सुनिश्चित करें.विशेष रूप से संभावित कमजोर और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है.एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बाढ़ पूर्व तैयारी के तहत तटबंधों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है.इसके लिए आवश्यक संसाधन, जैसे- बालू की बोरियां, बोल्डर और अन्य बाढ़ निरोधक सामग्रियां पर्याप्त मात्रा में पहले से ही भंडारित रहनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.

समीक्षा बैठक में राहत कार्यों पर दिया गया बल

तटबंधों का जायजा लेने के उपरांत बैरगनिया प्रखंड कार्यालय में संभावित बाढ़ की पूर्व तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई.बैठक में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई.इस दौरान अधिकारियों ने राहत शिविरों की पूर्व व्यवस्था, सरकारी व निजी नावों की उपलब्धता, नाविकों की सूची, दवाओं व चिकित्सा टीमों के गठन, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता तथा आपदा के समय संचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष बल दिया.सभी विभागों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया.

पंचायत सरकार भवन का औचक निरीक्षण

दौरे के अंतिम चरण में एसडीएम ने पंचायत सरकार भवन, चकवा का औचक निरीक्षण किया.इस दौरान भवन की बुनियादी सुविधाओं, दैनिक कार्यालय संचालन, फाइलों व अभिलेखों के संधारण (रखरखाव), साफ-सफाई तथा आमजन को मिलने वाली सरकारी सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया.वहां तैनात कर्मियों को फटकार लगाते हुए कार्यालय संचालन को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए.अधिकारियों ने कहा कि आम जनता को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ये भी पढ़ें: नगर निगम की बड़ी पहल, सभी 46 वार्डों में लगेंगी 2500 एलइडी लाइटें

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन