सावन की पहली सोमवारी पर हलेश्वरनाथ समेत जिले के शिवालयों में उमड़ी आस्था, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सावन की पहली सोमवारी पर सीतामढ़ी में भक्तों की आस्था चरम पर रही. लगातार बारिश के बावजूद हलेश्वरनाथ महादेव मंदिर समेत जिले के दर्जनों शिवालयों में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. भक्तों ने सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की.

विज्ञापन

Sitamarhi News: सावन की पहली सोमवारी पर लगातार हो रही बारिश भी भगवान शिव के भक्तों की आस्था को नहीं डिगा सकी. रविवार सुबह से ही जिले के प्रसिद्ध हलेश्वरनाथ महादेव मंदिर समेत पुनौरा धाम स्थित पुंडरीकेश्वर महादेव मंदिर, बाबा नागेश्वरनाथ, अन्हारी अद्भुत नाथ महादेव, गौरीशंकर महादेव, बाबा भुवनेश्वरनाथ, बाबा कपिलेश्वरनाथ, बढ़िया मठ सहित जिले के दर्जनों प्राचीन शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और परिवार के मंगल की कामना की.

विज्ञापन

 हलेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से लगी श्रद्धालुओं की कतार

सावन की पहली सोमवारी पर हलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं. श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल एवं भस्म अर्पित कर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा.

डीडीसी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

हलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए थे. उप विकास आयुक्त सह मंदिर न्यास समिति की पदाधिकारी श्वेता भारती ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, कतारबद्ध दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मंदिर परिसर में एएसपी आशीष आनंद, यातायात थाना प्रभारी प्रशांत कुमार एवं पुनौरा थाना प्रभारी रमन राज पुलिस बल के साथ पूरे समय तैनात रहे. श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण दर्शन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी.

जिलेभर के शिवालयों में चला पूजा-अर्चना का क्रम

जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी दिनभर रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन हुआ. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख-शांति, समृद्धि, अच्छी वर्षा एवं जनकल्याण की प्रार्थना की. लगातार बारिश के बावजूद पूरे दिन शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही.

यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, हलेश्वर स्थान पर बना अस्थायी थाना


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन