सीतामढ़ी के बाजपट्टी में नशीला स्प्रे छिड़ककर 30 लाख की चोरी, दो घरों में डाका डाल तीन घरों में चोरी का प्रयास

Updated:
विज्ञापन

नशीला स्प्रे छिड़ककर दो घरों में करीब 30 लाख की डकैती

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सीतामढ़ी के बाजपट्टी में देर रात बदमाशों ने दो घरों में घुसकर करीब 30 लाख रुपये के जेवर और कीमती सामान उड़ा लिए. नशीला स्प्रे छिड़ककर सो रहे परिजनों को बेहोश कर इस वारदात को अंजाम दिया गया. इलाके में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

SItamarhi News: सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बनगांव दक्षिणी वार्ड नंबर पांच में बेखौफ बदमाशों ने देर रात जमकर तांडव मचाया. रात करीब दो से तीन बजे के बीच चोरों ने एक साथ दो घरों को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश छत के रास्ते घर के आंगन में दाखिल हुए और सो रहे परिजनों पर नशीला स्प्रे छिड़ककर उन्हें पूरी तरह बेसुध कर दिया. इसके बाद इत्मीनान से आलमारी, बक्से और तिजोरी तोड़कर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए. सुबह जब परिजनों को होश आया तब घटना की जानकारी मिली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

विज्ञापन

छत के रास्ते घुसे बदमाश, मच्छरदानी पर मिले स्प्रे के निशान

वारदात को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मणिशंकर झा के घर में घुसे बदमाशों ने गोदरेज, अलमारी और ट्रंक के ताले तोड़कर सारा सामान बिखेर दिया. परिजनों के अनुसार, जिस समय वारदात हुई सभी लोग सो रहे थे. कमरे में लगी मच्छरदानी पर नशीले स्प्रे के साफ निशान पाए गए हैं. वहीं, पास ही स्थित रघुवीर झा के घर में भी चोरों ने उसी तरह धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवर और कीमती सामान उड़ा लिए. बदमाशों ने उसी रात दहाउर झा, प्रभु महतो और कौशल झा के घरों में भी दाखिल होने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की आहट या अन्य कारणों से वे इन घरों में सफल नहीं हो सके.

30 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती कपड़े गायब

पीड़ित परिवारों के मुताबिक, चोरी गए सामानों में सोने और चांदी के भारी आभूषण शामिल हैं. इनमें एक सोने का हार, तीन सोने की चेन, दो कान के टॉप्स, तीन कान के झुमके, चार हनुमानी, दो अंगूठी, दो मांगटीका, दो नथिया और एक मंगलसूत्र शामिल हैं. इसके अलावा चांदी का डरकस, एक जोड़ी पायल और करीब 10 महंगी साड़ियों सहित अन्य सामान कीमती सामान चोर बटोर ले गए. पीड़ितों ने बताया कि चोरी गए कुल सामान की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये है.

ग्रामीणों में दहशत, पहले भी हो चुकी है डकैती

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से गांव में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व 16 अप्रैल 2024 को भी इसी गांव में हरि झा और कौशल झा के घर भीषण डकैती हुई थी. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और पुलिस गश्त की कमी के कारण लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में सक्रिय संगठित गिरोह लगातार घरों को निशाना बना रहा है.

एएसपी ने किया घटनास्थल का मुआयना, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही बाजपट्टी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक छानबीन शुरू की. इसके बाद पुपरी एएसपी सुनीता कुमारी ने भी बुधवार को घटनास्थल का मुआयना किया. उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और कमरे में बिखरे सामान व साक्ष्यों का बारीकी से निरीक्षण किया. एएसपी ने बताया कि मामले की बेहद गंभीरता से जांच की जा रही है. डॉग स्क्वायड और तकनीकी अनुसंधान की मदद ली जा रही है. अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


ये भी पढ़ें: पिता की मेहनत और बेटे की लगन ने रचा इतिहास, सन्नी ने B.Tech में बिहार में हासिल की तीसरी रैंक

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन