पुपरी में चाय दुकानदार हत्याकांड के बाद आरोपी हिरासत में, मधुबनी चौक पर भारी पुलिस बल तैनात

Updated:
विज्ञापन

पुपरी थाना क्षेत्र में चाय दुकानदार उदय दास की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.

विज्ञापन

Sitamarhi News: पुपरी थाना क्षेत्र के रामनगर बेदौल पंचायत स्थित मधुबनी चौक पर चाय दुकानदार उदय दास की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने अगले आदेश तक भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी है. पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Pupri News: हत्या के आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में

सोमवार की शाम मधुबनी चौक पर चाय दुकान चलाने वाले मुशहर दास के 23 वर्षीय पुत्र उदय दास की चाय के बकाया रुपये मांगने पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. मामले में आरोपी स्थानीय निवासी मो. जहांगीर के पुत्र आफताब की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए भेजा है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

मृतक परिवार को मिली आर्थिक सहायता

मंगलवार को बीडीओ परमानंद पंडित मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने मृतक की पत्नी रानी देवी को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये तथा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 3 हजार रुपये का चेक सौंपा. इसके अलावा लक्ष्मीबाई पेंशन योजना के लिए आवेदन कराया गया तथा वास हेतु भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ गौरव कुमार और एएसपी सह एसडीपीओ सुनीता कुमारी के निर्देश पर मधुबनी चौक और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती की गई है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. मंगलवार को उदय दास का अंतिम संस्कार कर दिया गया. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.

यह भी पढ़ें: सुप्पी में मधुश्रावणी पर्व की धूम, नवविवाहिताओं ने नाग देवता की पूजा कर अखंड सौभाग्य की मांगी कामना


विज्ञापन
Baidnath Thakur

लेखक के बारे में

By Baidnath Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन