सीतामढ़ी में स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल, नगर निगम कार्यालय में ताला जड़कर किया प्रदर्शन
नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन करते स्वच्छता कर्मी.
सीतामढ़ी नगर निगम के स्वच्छता कर्मी अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. उन्होंने नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया. लंबे समय से मजदूरी भुगतान में देरी और शोषण के आरोपों के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.
Sitamarhi News: राज्यस्तरीय महासंघ के आह्वान पर मंगलवार को सीतामढ़ी नगर निगम के स्वच्छता कर्मी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे. बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष स्वच्छता कर्मी नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कामकाज ठप कर मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन एवं नारेबाजी की. हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.
मजदूरी भुगतान में देरी का लगाया आरोप
प्रदर्शनकारी स्वच्छता कर्मियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उनका आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है. उनका कहना था कि दो से तीन महीने तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता. आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है, लेकिन समय पर निर्धारित मजदूरी भी नहीं मिलती.
हाजिरी काटकर कम भुगतान का आरोप
स्वच्छता कर्मियों का आरोप है कि नौ हजार रुपये मजदूरी तय होने के बावजूद विभिन्न बहानों से हाजिरी काट दी जाती है और अंततः सात से आठ हजार रुपये ही भुगतान किए जाते हैं. वह भी समय पर नहीं मिल पाता. कर्मियों ने एजेंसी पर अभद्र व्यवहार और विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया.
परिवार चलाना हुआ मुश्किल
हड़ताली कर्मियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उनके अपने परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है. बच्चों की पढ़ाई, इलाज और अन्य आवश्यक खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने सरकार से समय पर मजदूरी भुगतान और कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग की.
सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है. पहले से कई इलाकों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं रहने के कारण शहर में गंदगी बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
नगर आयुक्त ने क्या कहा
नगर आयुक्त डॉ. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल राज्यस्तरीय महासंघ के आह्वान पर की गई है. उन्होंने कहा कि कर्मियों ने कार्यालय का कामकाज ठप कर मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया है. सरकार से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सुप्पी में मधुश्रावणी पर्व की धूम, नवविवाहिताओं ने नाग देवता की पूजा कर अखंड सौभाग्य की मांगी कामना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रतिकांत झा
रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










