शेखपुरा के युवा विकसित भारत क्विज में लें हिस्सा, राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा पहचान बनाने का मौका
विकसित भारत क्विज 15 से 29 वर्ष के युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर दे रहा है. क्विज, निबंध लेखन और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा न केवल जिला और राज्य स्तर पर भाग लेंगे, बल्कि शीर्ष प्रतिनिधि नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से भी संवाद करेंगे. माय भारत पोर्टल पर आज ही पंजीकरण करें.
viksit bharat quiz: जिले में विकसित भारत क्विज के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जोरों पर है. भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव’ के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है. इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में देश के युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और उनके नेतृत्व कौशल को निखारना है.
इसी कड़ी में शेखपुरा जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं के बीच जागरूकता फैलाने के लिए ‘मेरा युवा भारत’ शेखपुरा कार्यालय के माध्यम से तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया के पहले चरण में विकसित भारत क्विज का शुभारंभ किया जा चुका है. यह डिजिटल क्विज माय भारत पोर्टल पर लाइव है.
15 से 29 वर्ष की आयु के युवा ले सकते हैं भाग
विकसित भारत क्विज में 15 से 29 वर्ष की आयु के सभी युवा भाग ले सकते हैं. जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने की अपील की गयी है.
इसमें 17 अगस्त तक 15 से 29 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रतिभागी भाग ले सकते हैं. पोर्टल पर पंजीकरण करते समय, यदि रेफरल कोड उपलब्ध हो तो उसका उपयोग करना आवश्यक है. भविष्य की चयन प्रक्रिया में क्विज और निबंध लेखन के अगले चरणों के माध्यम से चयनित युवा जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे.
राष्ट्रीय संवाद में शामिल होने का मिलेगा मौका
विभिन्न राज्यों से चुने गये श्रेष्ठ युवा प्रतिनिधि नई दिल्ली में 10 से 12 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संवाद में शामिल होंगे. यहां उन्हें देश के नीति निर्माताओं और प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा. मेरा युवा भारत शेखपुरा के अनुसार, क्विज और निबंध लेखन के अलावा इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में युवाओं की सर्वांगीण प्रतिभा को उभारने के लिए कई अन्य ट्रैक भी शामिल किये गये हैं.
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिखा सकेंगे प्रतिभा
सांस्कृतिक ट्रैक के तहत युवा लोक नृत्य, लोक गीत, पेंटिंग, भाषण और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन कर सकेंगे.
इनोवेट फॉर भारत में विकसित करेंगे अभिनव समाधान
इनोवेट फॉर भारत ट्रैक के तहत युवाओं को ‘डिजाइन फॉर भारत’, ‘हैक फॉर सोशल कॉज’ और युवा उद्यमी चुनौतियों के जरिये सामाजिक और तकनीकी समस्याओं के अभिनव समाधान विकसित करने का अवसर मिलेगा.
वहीं, युवा संसद ट्रैक के तहत इस वर्ष युवा संसद का हिस्सा बनने का अवसर भी मिलेगा. इसे लेकर जिले के सभी युवाओं, छात्र-छात्राओं और शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गयी है. युवाओं से माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण जल्द सुनिश्चित कराने को कहा गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए