शेखपुरा : शेखोपुरसराय के बेलाव में बनेगा AI और Wi-Fi से लैस आधुनिक लाइब्रेरी, मंत्री अशोक चौधरी ने किया ऐलान

Updated:
विज्ञापन
सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने, हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री अशोक चौधरी

आधुनिक लाइब्रेरी की AI इमेज | Prabhat Khabar Network

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले में उच्च शिक्षा के लिए अब युवाओं को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. बेलाव में AI और वाई-फाई से लैस अत्याधुनिक पुस्तकालय के साथ राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शिलान्यास किया गया. जिले के चार प्रखंडों में शिक्षा की नई किरण जगी है.

विज्ञापन

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के छात्र-छात्राओं के उच्च शिक्षा प्राप्त करने के सपने को आज धरातल पर साकार कर दिया गया है. जिले के विभिन्न प्रखंडों में राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के शिलान्यास और विधिवत शुभारंभ होने से पूरे क्षेत्र के लोगों में भारी हर्ष का माहौल है. इन महाविद्यालयों के सुचारू रूप से चालू होने से स्थानीय स्तर पर ही युवाओं को बेहतर उच्च शिक्षा मिल सकेगी, जिससे उनका भविष्य संवरेगा.

इसी क्रम में शेखोंपुरसराय प्रखंड के बेलाव पंचायत में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत शिलान्यास किया.

बेलाव में बनेगा अत्याधुनिक वाई-फाई पुस्तकालय

इस विशेष अवसर पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने और इसे समाज के हर घर तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इस महाविद्यालय में पठन-पाठन का कार्य यथाशीघ्र शुरू करा दिया जाएगा, जिससे यहां के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा.

बेलाव में महाविद्यालय के शुभारंभ के मौके पर अशोक चौधरी. | Prabhat Khabar Network
बेलाव में महाविद्यालय के शुभारंभ के मौके पर अशोक चौधरी. | Prabhat Khabar Network

मंत्री ने मंच से एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बेलाव गांव में जल्द ही अत्याधुनिक सरकारी पुस्तकालय का निर्माण कराया जायेगा. यह पुस्तकालय पूर्णतः एयर कंडीशन (एसी), वाई-फाई सुविधा, आधुनिक शैक्षणिक सामग्री और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की व्यवस्था से सुसज्जित होगा.

शेखोपुरसराय को शिक्षा हब के रूप में करेंगे विकसित

उन्होंने कहा कि इस आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण से स्थानीय छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए एक बेहतर वातावरण मिल सकेगा. उन्होंने अपने संबोधन में यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में शेखोपुरसराय को शिक्षा के स्थायी हब सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बाहर का रुख नहीं करना पड़ेगा.

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शेखर आनंद एवं बेलाव पंचायत के मुखिया ने संयुक्त रूप से मंत्री को अंगवस्त्र और 'जल-जीवन-हरियाली' अभियान के प्रतीक चिन्ह के रूप में एक पौधा देकर सम्मानित किया.

चार प्रखंडों में रखी गई महाविद्यालय की आधारशिला

इसके बाद मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नवनिर्मित महाविद्यालय परिसर में एक पौधा भी लगाया. बेलाव के साथ-साथ जिले के तीन अन्य प्रखंडों में भी उच्च शिक्षा के इन महत्वपूर्ण केंद्रों की आधारशिला रखी गई. इस अवसर पर डीएम शेखर आनंद, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला सिंह, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. घाटकुसुभा प्रखंड के बाऊघाट में बिहार विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) ललन प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया.

विधायक रणधीर कुमार सोनी ने किया शिलान्यास

दूसरी ओर, अरियरी प्रखंड के ससबहना पंचायत में शेखपुरा के माननीय विधायक रणधीर कुमार सोनी के द्वारा राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शिलान्यास संपन्न हुआ. वहीं चेवाड़ा में नगर पंचायत चेयरमैन लट्टु यादव के द्वारा इस जनहित कार्य का शुभारंभ किया गया.

इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति रही, जिसमें जिला परिषद् अध्यक्ष, एडीएम लखींद्र पासवान, डीडीसी राकेश कुमार, एडीएम (जांच), एसडीओ प्रियंका कुमारी, डीसीएलआर, डीइओ और महाविद्यालय के प्रिंसिपल एवं शिक्षकों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

Also Read : शेखपुरा में जनसंख्या जागरूकता साइकिल रैली, डीएम ने खुद संभाली साइकिल की कमान


विज्ञापन
Satyendra Kumar

लेखक के बारे में

By Satyendra Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन