शेखपुरा में बारिश के बाद धान रोपनी ने पकड़ी रफ्तार, 43% खेतों में पहुंचा पानी; घाटकोसुम्भा सबसे आगे
धान की रोपनी करती महिलाएं | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा जिले में हुई बारिश ने धान रोपाई के काम को नई गति दी है. अभी तक 43.17% भूभाग पर रोपनी पूरी हो चुकी है, जिसमें घाटकोसुम्भा और शेखपुरा प्रखंड सबसे आगे हैं. खरीफ मौसम में मक्का की खेती में भी तेजी देखी जा रही है.
Sheikhpura Paddy Cultivation : शेखपुरा जिले के विभिन्न इलाकों में पिछले दो दिनों के भीतर हुई बारिश से धान रोपने के काम में तेजी आई है. अभी तक 43.17 प्रतिशत भूभाग पर धान की रोपनी कर दी गई है. कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस साल 28,330.7 हेक्टेयर भूभाग पर धान रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसमें सोमवार तक 11,608.05 हेक्टेयर भूभाग पर धान का आच्छादन कर दिया गया है.
घाटकोसुम्भा और शेखपुरा प्रखंड में सबसे आगे धान की रोपनी
धान रोपने के काम में सबसे ज्यादा तेजी घाटकोसुम्भा प्रखंड क्षेत्र में देखी जा रही है. यहाँ 52.85 प्रतिशत से ज्यादा भूभाग पर धान की रोपनी पूरी हो चुकी है. घाटकोसुम्भा प्रखंड क्षेत्र में 2999 हेक्टेयर भूभाग पर धान रोपने का लक्ष्य निर्धारित है.
यहां1585 हेक्टेयर भूभाग पर धान की रोपनी कर दी गई है. इस क्षेत्र में मानसून सबसे ज्यादा मेहरबान देखा गया है. उसके बाद शेखपुरा प्रखंड क्षेत्र में 48.9 प्रतिशत धान की रोपनी की गई है. यहाँ 8243.2 हेक्टेयर के विरुद्ध 4031 हेक्टेयर भूभाग पर धान की रोपनी पूरी की जा सकी है.
बरबीघा, शेखोपुरसराय और चेवाड़ा प्रखंड की स्थिति
जबकि बरबीघा प्रखंड में 5,337 हेक्टेयर भूभाग के विरुद्ध 2420 हेक्टेयर भूभाग पर धान की रोपनी की गई है. यह लक्ष्य का 45.01 प्रतिशत से कुछ ज्यादा है. उसी प्रकार शेखोपुरसराय प्रखंड क्षेत्र में 39.97 प्रतिशत भूभाग पर रोपा किया जा चुका है.
निर्धारित 3415 हेक्टेयर भूभाग के विरुद्ध 1365 हेक्टेयर भूभाग पर धान रोपनी की गई है. जबकि चेवाड़ा प्रखंड क्षेत्र में 3095.5 हेक्टेयर के स्थान पर अभी तक 928.65 हेक्टेयर भूमि पर धान रोपने का काम किया गया है. यह लक्ष्य का मात्र 30 प्रतिशत है.
अरियरी प्रखंड में सबसे कम 24.58 प्रतिशत हुई रोपनी
जबकि सबसे कम धान की रोपाई अभी तक अरियरी प्रखंड क्षेत्र में देखी जा रही है. यहां 5,201 हेक्टेयर भूभाग के स्थान पर अभी तक मात्र 1278.4 हेक्टेयर भूभाग पर धान की रोपनी की गई है. यह लक्ष्य का मात्र 24.58 प्रतिशत है. इस प्रकार खरीफ मौसम में मक्का की खेती में भी तेजी देखी जा रही है.
जिले में इस साल कुल 1882.11 हेक्टेयर भूभाग पर मक्का लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से अभी तक 906.76 हेक्टेयर भूभाग पर मक्का लगा दिया गया है. यह कुल लक्ष्य का 48.18 प्रतिशत है. आसमान में छाए बादल और मौसम विभाग के आने वाले दिनों में बारिश की भविष्यवाणी को लेकर जिले के किसान और कृषि विभाग काफी आशांवित हैं. कृषि विभाग द्वारा धान के खाली खेतों को इस साल मिलेट की खेती से भरपाई करने की भी सलाह दी जा रही है.
पिछले तीन दिनों में धान रोपनी की गति के आंकड़े
30 जुलाई: 29.42 प्रतिशत
31 जुलाई: 31.37 प्रतिशत
01 अगस्त: 32.63 प्रतिशत
02 अगस्त: 40.97 प्रतिशत
03 अगस्त: 43.37 प्रतिशत
Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










