आधी रात में स्टेशन से घर जाने में नहीं लगेगा डर, शेखपुरा में पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग सख्त
रात्रि गस्ती में वाहनों की तलाशी करते पुलिस
Sheikhpura Night Patrol : शेखपुरा में पुलिस की रात्रि गश्ती और डायल 112 सेवा से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ी है।
Sheikhpura Night Patrol : शेखपुरा जिले में पुलिस की मजबूत रात्रि गश्ती का असर अब आम लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है. देर रात रेलवे स्टेशन समेत अन्य जगहों से उतरकर घर जाने वाले लोग पहले की तुलना में खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ रहा है.
आधी रात में भी सड़कों पर पुलिस की निगरानी
राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी हिमांशु की देखरेख में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती को दुरुस्त किया गया है. पुलिस की टीमें रात के समय प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं. मध्य रात्रि में भी आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है.
शराब और अवैध हथियारों की आवाजाही पर नजर
रात्रि जांच के दौरान पुलिस खास तौर पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की तलाशी ले रही है. शराब की अवैध आवाजाही, अवैध हथियारों की तस्करी और मादक पदार्थों के कारोबार पर पुलिस की विशेष नजर है. रात में संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस तत्काल कार्रवाई के लिए सतर्क रहती है.
आला अधिकारी भी रात में कर रहे गश्ती की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात्रि गश्ती की नियमित निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी भी रात में विभिन्न थाना क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं. एएसपी राकेश कुमार के अलावा पुलिस अंचलों के निरीक्षक भी गश्ती व्यवस्था की जांच में लगे हैं. अधिकारियों को संबंधित क्षेत्र और थाना पहुंचकर मौके पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है.
जवानों की सेल्फी से हो रही गश्ती की मॉनिटरिंग
रात्रि गश्ती की निगरानी व्यवस्था के तहत निरीक्षण करने वाले अधिकारियों को गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ सेल्फी लेकर जिला और राज्य मुख्यालय भेजने का टास्क दिया गया है. इससे अधिकारियों की ओर से रात में की जा रही निगरानी और गश्ती दल की मौके पर मौजूदगी की भी मॉनिटरिंग की जा रही है.
डायल 112 और पुलिस दीदी सेवा से भी मदद
जिले में लोगों को आपात स्थिति में पुलिस की डायल 112 सेवा का लाभ मिल रहा है. इसके साथ ही पुलिस दीदी की पिंक स्कूटी सेवा भी लोगों के लिए उपलब्ध है. पुलिस का कहना है कि इन सेवाओं का उद्देश्य जरूरत के समय लोगों तक पुलिस की मदद को तेजी से पहुंचाना है.
सुबह भी सुरक्षा में जुट जाती है पुलिस
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्ती खत्म होने के बाद सुबह के समय भी जवान सुरक्षा व्यवस्था में जुट जाते हैं. पार्क और स्कूल जाने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी नजर रखी जाती है. इस तरह पुलिस की ड्यूटी केवल रात की गश्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि दिन-रात लोगों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस बल सक्रिय रहता है.
लोगों और पुलिस के बीच बढ़ रहा भरोसा
रात्रि गश्ती के कारण देर रात सफर करने वाले लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल रहा है. पुलिस की लगातार मौजूदगी से आम लोगों और पुलिस के बीच बेहतर तथा दोस्ताना संबंध बनाने में भी मदद मिल रही है. पुलिस का जोर अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों को सुरक्षित और सहज माहौल उपलब्ध कराने पर है.
Also Read : 12 महीने काम, 10 महीने का मानदेय, तीन माह से वेतन नहीं मिलने से रसोइयों में आक्रोश; अब धरने की तैयारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए