शेखपुरा में भाकपा माले की बैठक, 30 जुलाई को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान

Updated:
विज्ञापन

भाकपा माले की जिला कमिटी बैठक में शामिल जिला प्रभारी सरोज चौबे. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भाकपा माले की जिला बैठक में नई जिला प्रभारी सरोज चौबे ने सरकार की नीतियों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि किसानों की उपजाऊ जमीन कॉर्पोरेट घरानों को सौंपी जा रही है. बैठक में आगामी आंदोलनों और सदस्यता अभियान पर भी चर्चा हुई.

विज्ञापन

भाकपा माले जिला कमेटी की एक बैठक निजी सभागार में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी की नई जिला प्रभारी कॉमरेड सरोज चौबे उपस्थित थीं. इस बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव विजय कुमार विजय ने की.

विज्ञापन

बैठक की शुरुआत में शेखपुरा के पूर्व जिला प्रभारी कॉमरेड आर.एन. ठाकुर तथा छात्र आंदोलन में शहीद हुए व नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक के कारण जान गंवाने वाले छात्रों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई.

इसके बाद, दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के अन्य शहरों में जबरदस्त आंदोलन करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने के लिए विवश कर देने को लेकर आइसा-इनौस तथा अन्य संगठनों से जुड़े सभी छात्र-नौजवानों को बैठक में तहेदिल से धन्यवाद दिया गया.

दस-दस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य

पार्टी की नई जिला प्रभारी सरोज चौबे ने देश और राज्य के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि बिहार की डबल इंजन वाली सरकार के बुलडोजर राज में गरीबों को बेरहमी से उजाड़ा जा रहा है. 12 सैटेलाइट टाउनशिप के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन हड़पकर सरकार इसे कॉरपोरेट घरानों को सौंपना चाहती है.

इस अवसर पर जिला सचिव विजय कुमार विजय ने जानकारी दी कि अखिल भारतीय किसान महासभा का राष्ट्रीय सम्मेलन सितंबर माह में पंजाब के जालंधर में तथा अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा का राष्ट्रीय सम्मेलन नवंबर माह में झारखंड के गिरिडीह में आयोजित किया जाएगा. इन दोनों संगठनों का सदस्यता अभियान चल रहा है, जिसके तहत दस-दस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

28 जुलाई को मचेगा चारू मजूमदार का शहादत दिवस, 30 को होगा विरोध प्रदर्शन

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 28 जुलाई को पार्टी के संस्थापक सदस्य कॉमरेड चारू मजूमदार का शहादत दिवस जिले के सभी पार्टी ब्रांचों में मनाया जाएगा. इसके साथ ही, 9 अगस्त को जिला मुख्यालय पर विशाल प्रतिरोध मार्च निकालकर साम्राज्यवाद विरोधी दिवस मनाया जाएगा.

जुलाई माह में संगठन को मजबूत करने के लिए नए ब्रांच बनाए जा रहे हैं और पुराने का पुनर्गठन किया जा रहा है.

माले जिला सचिव ने बताया कि देश भर के छात्र आंदोलनों के दौरान सैकड़ों छात्र नेताओं और माले कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर उन पर फर्जी मुकदमे लाद दिए गए हैं. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा करवाने और बिना शर्त छात्रों की रिहाई की मांग को लेकर आइसा और आरवाईए द्वारा आगामी 30 जुलाई को जिला मुख्यालय पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.

इस बैठक में जिला कमेटी सदस्य रामकृपाल सिंह, राजेश कुमार राय, कमलेश प्रसाद, रिक्की खान, बिशेश्वर महतो, प्रवीण सिंह कुशवाहा, कार्यानंद सिंह, तेतरी देवी, गिरजा देवी और कमलेश मानव सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन