शेखपुरा: विदेशी शराब की होम डिलीवरी करने जा रहा युवक गिरफ्तार, उत्पाद विभाग ने माटोखर दरगाह के पास दबोचा
पुलिस गिरफ्त में डिलीवरी बॉय | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा में उत्पाद विभाग ने शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए बड़ी कार्रवाई की है. विदेशी शराब की होम डिलीवरी कर रहे एक युवक को माटोखर दरगाह के पास से गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से विदेशी शराब की दो बोतलें बरामद हुई हैं.
Sheikhpura News: जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने विदेशी शराब की होम डिलीवरी करने जा रहे एक युवक को माटोखर दरगाह के पास से गिरफ्तार किया. पकड़ा गया युवक लोदीपुर गांव की दिशा से शराब की खेप लेकर नगर क्षेत्र में आपूर्ति करने आ रहा था.
थैले में रखकर कर रहा था शराब की सप्लाई
गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान कुसुंभा थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी स्व. शंकर सिंह के पुत्र चंद्र मोहन कांत उर्फ चंदन कुमार के रूप में हुई है. उत्पाद थानाध्यक्ष अमित आनंद ने बताया कि विभाग को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि उक्त युवक झोले/थैली में शराब की बोतलें छिपाकर शहरी इलाके में ग्राहकों को घर-घर पहुंचाता है.
दो बोतल विदेशी शराब बरामद, भेजा गया जेल
सूचना के सत्यापन और धरपकड़ के लिए उत्पाद विभाग के एएसआई अमरजीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने माटोखर दरगाह के पास घेराबंदी की. जैसे ही युवक वहां पहुंचा, पुलिस बल ने उसे रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके पास से 750 एमएल की दो बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. उत्पाद पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया. इसके बाद उत्पाद थाने में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को विशेष उत्पाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए