शेखपुरा: इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘तेजस इंडिया हैकाथॉन 2026’ का आगाज, डीएम शेखर आनंद ने छात्रों को दिया नवाचार का मंत्र
इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्राओं से मिलते डीएम. | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में 'तेजस इंडिया हैकाथॉन 2026' का भव्य शुभारंभ हुआ. डीएम शेखर आनंद ने युवाओं को तकनीकी क्षमता और नवीन विचारों से बड़ी समस्याओं को हल करने के लिए प्रेरित किया.
शेखपुरा: जिले के बाजितपुर स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (GEC) में 'तेजस इंडिया हैकाथॉन 2026' का भव्य आगाज हुआ. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पदाधिकारी (डीएम) शेखर आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम की शुरुआत में हरित एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आयोजकों द्वारा जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त को 'जल-जीवन-हरियाली' के प्रतीक स्वरूप पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया.
छोटे विचार से ही बड़े बदलाव की शुरुआत: डीएम
समारोह को संबोधित करते हुए डीएम शेखर आनंद ने कहा कि युवाओं के पास नई सोच, तकनीकी क्षमता और जटिल समस्याओं का हल निकालने का अद्भुत सामर्थ्य है. उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर बड़े बदलाव की शुरुआत एक छोटे से विचार से होती है. आज कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त, परिवहन, पर्यावरण, रोजगार और स्थानीय उद्योगों में नवाचार (इनोवेशन) की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि जरूरी नहीं कि कोई बड़ा स्टार्टअप केवल मेट्रो शहरों से ही शुरू हो; शेखपुरा जैसे छोटे जिले से निकला एक बेहतरीन आइडिया भी देश और दुनिया में अपनी खास पहचान बना सकता है. सरकार भी स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं से युवाओं को मदद दे रही है.

प्रशासनिक अधिकारी और उद्यमी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि इस तरह की हैकाथॉन प्रतियोगिताओं से छात्र-छात्राओं में टीमवर्क, प्रॉब्लम-सॉल्विंग और नवाचार की संस्कृति विकसित होती है. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी), कॉलेज प्राचार्य, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सहदेव दास, शांतिलाल स्वीट्स के संस्थापक अर्जुन कुमार राय, जिला योजना पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी सह डीपीआरओ, कॉलेज के शिक्षकगण, स्टार्टअप सेल की टीम और बड़ी संख्या में उत्साहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए