शेखपुरा: बरबीघा में जाम से मिलेगी राहत, थाना चौक पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक; ट्रैफिक पुलिस की होगी तैनाती
थाना में बैठक करते एसपी हिमांशु कुमार
बरबीघा में आम लोगों को आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने बैठक आयोजित कर समाधान का आश्वासन दिया है. एसपी ने थाना चौक पर यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने की बात कही है.
Shiekhpura Traffic: आम लोगों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को बरबीघा थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी. बैठक में वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए. इस दौरान एसपी ने लोगों से क्षेत्र की समस्याओं और विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की जानकारी लेते हुए उनके सुझाव भी मांगे.
थाना चौक पर रोज लगने वाले जाम की समस्या उठी
बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने बरबीघा थाना चौक पर प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया. लोगों ने बताया कि भारी वाहनों के आवागमन और सड़क किनारे वाहनों के ठहराव के कारण आम लोगों को काफी परेशानी होती है.
इस पर एसपी हिमांशु कुमार ने कहा कि थाना चौक पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय थाना पुलिस की भी तैनाती की जाएगी. उन्होंने थाना चौक के रास्ते ट्रक, ट्रैक्टर, मालवाहक वाहन और यात्री बसों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मार्ग से स्कूल बसों के परिचालन की अनुमति रहेगी.
त्योहारों को लेकर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
एसपी ने गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस की चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया. पूजा पंडालों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने, स्कूल और कोचिंग संस्थानों के समय छात्राओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती, जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की बात कही.
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.
नगर परिषद से समन्वय कर दूर होंगी समस्याएं
बैठक में शहरी क्षेत्र में सड़क जाम, वाहनों के ठहराव की उचित व्यवस्था तथा बिजली के पोल पर खराब पड़ी लाइटों को दुरुस्त कराने का मुद्दा भी उठाया गया. एसपी ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से समन्वय स्थापित किया जाएगा और जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करायी जाएगी.
अपराध नियंत्रण में जनता की भूमिका अहम
एसपी हिमांशु कुमार ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस के साथ आम लोगों का सहयोग भी बेहद जरूरी है. जन सहयोग के बिना अपराध पर पूर्ण नियंत्रण कर पाना संभव नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी हादसे, दुर्घटना या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दें, ताकि पुलिस समय रहते मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई कर सके.
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए ही इस तरह की बैठक आयोजित की गयी है. लोग बिना किसी संकोच के अपनी तथा क्षेत्र की समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखें. प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
ये रहे मौजूद
बैठक में एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी ऋषभ कुमार, बरबीघा थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर गौरव कुमार, अंचल निरीक्षक ब्रजेश कुमार के अलावा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीत प्रभाकर, जदयू नेता प्रमोद चंद्रवंशी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं किसान नेता विष्णु देव प्रसाद आर्य, बरबीघा रेफरल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भोला प्रसाद, पिंटू कुमार सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए