घर में चल रहा था गांजा खरीद-बिक्री का अवैध खेल,शिवहर में पुलिस टीम की छापेमारी, साइबर डीएसपी ने किया खुलासा
प्रेस वार्ता करते साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा एवं अन्य
शिवहर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. जाफरपुर गांव में छापेमारी कर 10.641 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया. इस दौरान एक विधि विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया है.
शिवहर: जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाफरपुर गांव में पुलिस की विशेष जांच टीम ने त्वरित छापेमारी कर करीब 10.641 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. इस पूरी कार्रवाई के दौरान एक विधि विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा (वश) में ले लिया है. मामले का खुलासा करते हुए साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा ने प्रेस वार्ता में बताया कि अवैध नशे के पूरे सिंडिकेट और सप्लाई चेन को खंगालने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है.
एसपी के गुप्त इनपुट पर विशेष जांच टीम ने की छापेमारी
साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि जाफरपुर गांव निवासी प्रमोद गिरी के पुत्र शिवम कुमार द्वारा अवैध रूप से गांजे की खरीद-बिक्री और भंडारण का कार्य किया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित रणनीति बनाते हुए चिन्हित स्थल पर दबिश दी और प्रमोद गिरी के आवासीय परिसर से कुल 10.641 किलोग्राम गांजा जब्त किया. साथ ही मौके से संबंधित किशोर को अभिरक्षा में ले लिया गया.
नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज, सप्लाई चेन की जांच जारी
डीएसपी ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर नगर थाने में मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अग्रिम अनुसंधान कर रही है. पुलिस इस बिंदु पर भी गहन पड़ताल कर रही है कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से मंगाई गई थी और स्थानीय स्तर पर किन-किन व्यक्तियों को इसकी आपूर्ति की जानी थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी तस्कर या मददगार को बख्शा नहीं जाएगा.
मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सूचना देने की आमजन से अपील
प्रेस वार्ता के दौरान साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर जिले भर में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें. यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण या ढुलाई की जानकारी मिले, तो इसकी गोपनीय सूचना तुरंत पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. शिवहर पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए