Sheohar News: शिवहर के पिपराही में भीषण गर्मी के बीच 24 घंटे से बिजली गुल, पानी को तरसे लोग

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 2:30 PM

विज्ञापन

शिवहर के पिपराही में भीषण गर्मी के बीच 24 घंटे से बिजली गुल, पानी को तरसे लोग

Sheohar News: शिवहर के पिपराही अंतर्गत गडहिया गांव में जर्जर तारों के कारण 24 घंटे से बिजली ठप है.भीषण गर्मी और पानी के संकट से बेहाल ग्रामीण हाथ का पंखा डोलने और पेड़ों की छांव में रात-दिन काटने को मजबूर हैं.पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

शिवहर के पिपराही से मकसूद आलम की रिपोर्ट

Sheohar News: शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड अंतर्गत गडहिया गांव में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है.भीषण गर्मी और गर्म पछुआ हवाओं के बीच बिजली न होने से बच्चे, बूढ़े और जवान सभी का बुरा हाल है.स्थिति यह है कि लोग आधुनिक युग से सीधे पुराने दौर में लौट गए हैं.ग्रामीण महिलाएं हाथों में पंखा लिए छोटे-छोटे बच्चों को गर्मी से राहत दिलाने की नाकाम कोशिश कर रही हैं.वहीं, युवक और बच्चे धूप से बचने के लिए पेड़ों की छांव का सहारा लेने को मजबूर हैं.

ठप पड़े पानी के मोटर, मोबाइल भी हुए डिस्चार्ज

बिजली गुल होने से केवल गर्मी ही नहीं, बल्कि अन्य बुनियादी समस्याएं भी खड़ी हो गई हैं.लोगों के मोबाइल डिस्चार्ज हो चुके हैं, जिससे संपर्क टूट गया है.सबसे गंभीर संकट पानी का है; निजी पानी के मोटर और सरकारी नल-जल योजना की टंकियां खाली पड़ी हैं, जिससे पीने के पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है.लोग अपने गमछे से पसीना पोंछने और उसी से हवा करने को मजबूर हैं.

20 मिनट में ही गल गया नया तार, जर्जर वायरिंग बनी मुसीबत

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में लगे बिजली के पोल के कवर्ड तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं.गर्मी की तपिश के कारण ये तार बार-बार गल रहे हैं.सोमवार शाम को शिकायत मिलने पर विभागीय टीम पहुंची थी.मिस्त्री ने करीब 25 मीटर गला हुआ तार बदला और आपूर्ति बहाल की, लेकिन महज 20 मिनट बाद ही पुराना तार फिर से गलकर जमीन पर आ गिरा.इसके बाद पूरी रात लोग उमस और मच्छरों के कारण सो नहीं सके.

दोपहर तक नहीं पहुंची टीम, पूरे तार बदलने की मांग

मंगलवार दोपहर 12 बजे तक विभाग का कोई भी मिस्त्री गांव नहीं पहुंचा था . गडहिया का हर परिवार हाथ का पंखा झलकर दिन काटने को मजबूर है . ग्रामीणों का कहना है कि पैचवर्क से काम नहीं चलेगा; जब तक गांव के पूरे जर्जर कवर्ड तारों को नए सिरे से नहीं बदला जाता, तब तक यह समस्या बनी रहेगी .

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन