Sheohar: समाज कल्याण मंत्री बनने के बाद पहली बार शिवहर पहुंचीं डॉ. श्वेता गुप्ता, भव्य स्वागत

बिहार सरकार में मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता
Sheohar News: समाज कल्याण मंत्री बनने के बाद पहली बार शिवहर पहुंचीं डॉ. श्वेता गुप्ता का एनडीए कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. पढे़ं पूरी खबर…
Sheohar News: बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री बनने के बाद डॉ. श्वेता गुप्ता पहली बार अपने गृह जिला शिवहर पहुंचीं. जिले की सीमा में प्रवेश करते ही एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया. पूरा शहर उत्सव के माहौल में नजर आया. जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे और समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ अपनी नेता का अभिनंदन किया.
देकुली धाम में किया पूजा-पाठ

शिवहर पहुंचने के बाद डॉ. श्वेता गुप्ता अपने पति डॉ. वरुण कुमार के साथ प्रसिद्ध देकुली धाम मंदिर पहुंचीं. यहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर राज्य और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर परिसर में भी समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही.
शहर में दिखा जश्न जैसा माहौल
देकुली धाम से लेकर प्रसाद उत्सव पैलेस तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट दिखा. अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुणाल खुद व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए.
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
अभिनंदन समारोह में जदयू, भाजपा, लोजपा (रा) और अन्य एनडीए दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता का स्वागत किया. कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, विजय पांडे, कल्याण पटेल, मोहम्मद इब्राहिम समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे.
“जनता की सेवा मेरी प्राथमिकता”
अपने संबोधन में डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि मंत्री पद उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने कहा कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करेंगी. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और हर जरूरतमंद तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं से भी जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की अपील की.
27 साल बाद शिवहर को मिला कैबिनेट मंत्री
डॉ. श्वेता गुप्ता ने एक डॉक्टर के रूप में अपनी पहचान बनाई थी. वर्ष 2025 में विधायक बनने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा. अब 27 साल बाद शिवहर को कैबिनेट मंत्री मिलने से जिले में खुशी का माहौल है.
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










