Sheohar News: तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि, भीषण गर्मी से मिली राहत

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 25 May 2026 9:10 PM

विज्ञापन

तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश

Sheohar News:शिवहर में सोमवार शाम को अचानक आए मौसम के बदलाव के बाद तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि हुई. भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे जिला वासियों को इससे बड़ी राहत मिली है.पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Sheohar News:बिहार के शिवहर जिले में पिछले कई दिनों से जारी जानलेवा गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए सोमवार की शाम राहत भरी खबर लेकर आई. शाम करीब 7:35 बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और शिवहर शहर समेत आसपास के तमाम ग्रामीण इलाकों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. इस दौरान जिला मुख्यालय सहित कई क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है. अचानक हुए इस मौसमी बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आई है, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी से बड़ी निजात मिली है.

दोपहर में बरस रही थी आग, शाम को हुआ सुहाना मौसम

मौसम में यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब लोग चिलचिलाती धूप से बेहाल थे. सोमवार दोपहर तक स्थिति यह थी कि तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर थे. बाजारों और सड़कों पर भी आम दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा हुआ था और बेहद कम चहल-पहल देखी जा रही थी. इसी बीच शाम होते-होते आसमान में काले बादलों का डेरा जम गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया. ग्रामीण इलाकों में बारिश के साथ गिरे ओलों ने फिजा में ठंडक घोल दी.

तापमान गिरने से खिले चेहरे, किसानों ने भी ली राहत की सांस

इस झमाझम बारिश के बाद पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड तोड़ रहे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है. उमस और पसीने से तरबतर लोग ठंडी हवाओं का लुत्फ उठाने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए. चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने पर आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं. किसानों ने इस बारिश को फसलों के लिए अमृत समान और बेहद राहत भरा बताया है. हालांकि, कुछ किसानों ने यह चिंता भी जताई कि अगर ओलावृष्टि की रफ्तार और अधिक होती तो खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंच सकता था. फिलहाल, मौसम के इस बदले हुए मिजाज ने शिवहर वासियों को झुलसा देने वाली गर्मी से बहुत बड़ी राहत दी है.

शिवहर से मनीष नंदन सिंह रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन