उपेंद्र कुशवाहा पर JDU प्रवक्ता का तीखा हमला, बोले- जाति से नहीं, विचार और जनहित के काम से बनता है नेता
जदयू के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता बैरिस्टर सिंह कुशवाहा | Prabhat Khabar Network
जदयू प्रवक्ता बैरिस्टर सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें समाज को भ्रमित करने के बजाय विकास और सकारात्मक राजनीति पर ध्यान देना चाहिए।
Rohtas News : जदयू के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता बैरिस्टर सिंह कुशवाहा ने आरएलएम नेता उपेंद्र कुशवाहा के हालिया राजनीतिक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा से समाज को भ्रमित करने वाली बयानबाजी से बचने और सकारात्मक राजनीति करने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज के हित और राजनीतिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए नेताओं को विकास, एकजुटता और मजबूत नेतृत्व की दिशा में काम करना चाहिए.
आपके शहर में
उपेंद्र कुशवाहा को दी सकारात्मक राजनीति की नसीहत
बैरिस्टर सिंह कुशवाहा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन समाज के हित में अनावश्यक विवाद को बढ़ावा देना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि उपेंद्र कुशवाहा सम्राट चौधरी का समर्थन नहीं करना चाहते हैं तो यह उनका राजनीतिक निर्णय है, लेकिन उन्हें ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए, जिससे समाज के लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो.
बोले- केवल जाति से कोई सर्वमान्य नेता नहीं बनता
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि केवल किसी जाति में जन्म लेने से कोई व्यक्ति उस समाज का सर्वमान्य नेता नहीं बन जाता. नेतृत्व विचार, सिद्धांत और जनहित में किये गये कार्यों से स्थापित होता है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरासत संपत्ति की तरह हस्तांतरित नहीं होती, बल्कि विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से आगे बढ़ती है.
नीतीश कुमार ने नई पीढ़ी को सौंपी नेतृत्व की विरासत
उन्होंने कहा कि गठबंधन की राजनीति को मजबूत करने और नई पीढ़ी को नेतृत्व देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेतृत्व परिवर्तन का निर्णय लिया है. उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक विचारधारा और नेतृत्व की विरासत नई पीढ़ी को सौंपी है.
सम्राट चौधरी के समर्थन में एकजुट होने की अपील
बैरिस्टर सिंह ने कुशवाहा समाज के लोगों से सम्राट चौधरी के समर्थन में एकजुट होने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज का लक्ष्य विकास, सम्मान और मजबूत नेतृत्व होना चाहिए. नेताओं को बयानबाजी और विवाद से ऊपर उठकर समाज एवं क्षेत्र के हित में काम करना चाहिए.
उपेंद्र कुशवाहा की राजनीतिक विश्वसनीयता पर उठाये सवाल
जदयू प्रवक्ता ने उपेंद्र कुशवाहा की राजनीतिक विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक निर्णयों से कई कुशवाहा नेताओं को नुकसान उठाना पड़ा है. इस क्रम में उन्होंने श्रीभगवान सिंह कुशवाहा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके साथ हुए राजनीतिक घटनाक्रम से समाज के लोग परिचित हैं. उन्होंने कहा कि इस विषय पर उन्हें विस्तार से बोलने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए.
समाज में एकजुटता पर दिया जोर
बैरिस्टर सिंह कुशवाहा ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के बयानों से समाज के लोगों में निराशा है. उन्होंने सभी नेताओं से सकारात्मक राजनीति करने और समाज की एकजुटता को प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि कुशवाहा समाज को विवाद और बयानबाजी से ऊपर उठकर विकास एवं सम्मान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए