मातम पर भारी पड़ा पिता का वचन, हादसे के बाद भी तय तिथि पर होगी बेटी की शादी

Published by :ANURAG SHARAN
Published at :05 May 2026 3:46 PM (IST)
विज्ञापन
मातम पर भारी पड़ा पिता का वचन, हादसे के बाद भी तय तिथि पर होगी बेटी की शादी

एक पिता ने अपनी बेटी के हाथ पीले करने की तारीख तय की थी, उसी दिन बेटी और बेटे की शादी संपन्न होगी.

विज्ञापन

भलुनीधाम में निर्धारित तिथि सात मई को विवाह होगा संपन्न, बजेंगी शहनाई

मठिया गांव में मातम के बीच गूंजेगी शहनाई, पिता का संकल्प पूरा करेंगे परिजन

प्रतिनिधि, दिनारा

थाना क्षेत्र के मठिया गांव में तिलक समारोह से लौटे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के बाद भले ही सन्नाटा पसरा है, लेकिन खुशियों की उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है. जिस आस और विश्वास के साथ एक पिता ने अपनी बेटी के हाथ पीले करने की तारीख तय की थी, उसी दिन बेटी और बेटे की शादी संपन्न होगी. मृतक अशोक कुमार सिंह के छोटे भाई अनिल सिंह ने बताया कि शायद ईश्वर को यही मंजूर था. जो होना था वह हो गया, लेकिन अब बेटी और बेटे की शादी पिता द्वारा तय समय सात मई को ही होगी. यह विवाह भलुनी भवानी के प्रांगण में माता के आशीर्वाद के साथ संपन्न कराया जायेगा.

प्रशासन और ग्रामीणों का मिला सहयोग

परिजनों ने बताया कि इस भीषण त्रासदी के बीच प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला. अंतिम संस्कार के लिए सभी व्यवस्थाएं सामूहिक रूप से की गयीं. साथ ही, प्रशासन द्वारा समय से अनुग्रह अनुदान राशि भी सभी पीड़ित परिवारों को उपलब्ध करा दी गयी है.

हादसे की वह काली सुबह

ज्ञात हो कि सोमवार की अहले सुबह मठिया गांव के समीप एक अनियंत्रित कंटेनर की चपेट में आने से परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गयी थी. ये सभी लोग चेनारी के लोधी गांव से बेटी का तिलक समारोह संपन्न कर बस से अपने गांव मठिया उतर रहे थे. तभी मलियाबाग की ओर से आ रहे कंटेनर ने लड़की के पिता अशोक कुमार सिंह समेत पांच लोगों को कुचल दिया.

घायलों का बनारस में चल रहा इलाज

परिजनों के अनुसार, इस घटना में करीब 10 लोग जख्मी हुए थे. इनमें से दो की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायल दोनों परिजनों को बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर किया गया है, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है.

विज्ञापन
ANURAG SHARAN

लेखक के बारे में

By ANURAG SHARAN

ANURAG SHARAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन