ePaper

1.74 लाख रुपये सुरक्षित, रिजेक्टेड के साथ 11 हजार रुपये जले

Updated at : 24 Feb 2026 10:16 PM (IST)
विज्ञापन
1.74 लाख रुपये सुरक्षित, रिजेक्टेड के साथ 11 हजार रुपये जले

गैस कटर से काटी गयी एसबीआइ की एटीएम का खोला गया बक्सा

विज्ञापन

डालमियानगर.

गत शनिवार की सुबह डालमियानगर मछली मार्केट स्थित एसबीआइ एटीएम को अज्ञात चोरों ने गैस कटर से काट कर क्षतिग्रस्त कर दिया था. घटना के बाद एटीएम को सील कर दिया गया था. मंगलवार को डालमियानगर पुलिस की मौजूदगी में सीएमएस कंपनी के इंचार्ज आशुतोष कुमार, हिटाची कंपनी के लीगल एडवाइजर दीपक कुमार व टेक्नीशियन संजय सिंह की उपस्थिति में एटीएम को खोला गया. करीब आधे घंटे तक कटर ड्रिल मशीन चलाने के बाद कड़ी मशक्कत से एटीएम का बक्सा खोला जा सका. चोरों ने एटीएम की सुरक्षा के दो लेयर को जला कर नष्ट कर दिया था. नोट रखने के लिए बने पांच बॉक्स में सबसे ऊपर का रिजेक्टेड बिन पूरी तरह जल कर क्षतिग्रस्त हो गया था. एटीएम में लगे तीन सीसीटीवी कैमरा व कमरे में लगे एक कैमरे पर स्प्रे मार कर उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया था. बक्सा खुलने के बाद थाना परिसर में हिटाची व सीएमएस कंपनी के पदाधिकारियों ने नोट गिनती मशीन से नकदी की गणना की.

एटीएम में 100 रुपये के 765 नोट और 500 रुपये के 195 नोट मिले. कुल 1.74 लाख रुपये मौजूद पाये गये. कंपनी कर्मियों के अनुसार घटना से पूर्व एटीएम में 1,85,100 रुपये थे. 11,100 रुपये की कमी पायी गयी. आशंका जतायी गयी कि रिजेक्टेड बिन जलने से उसमें रखे नोट भी नष्ट हो गये होंगे.

स्थानीय लोगों ने उठाये सवालस्थानीय बैजनाथ पांडे, सुनील कुमार, रजनीश पांडे, श्रवण सिंह, बाबूलाल सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि एसबीआइ एटीएम संचालन की जिम्मेदारी हिटाची कंपनी की है, लेकिन सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता. गार्ड की तैनाती नहीं है और महीनों तक कंपनी कर्मी निरीक्षण के लिए नहीं आते. साफ-सफाई की स्थिति भी जर्जर रहती है. लोगों ने बताया कि कई बार गलत बटन दबाने या चूहों की वजह से अलार्म घंटों बजता रहता है. रात में एटीएम खुला रहता है, जिससे चोरी की आशंका बनी रहती है. उनका कहना है कि यदि रात्रि में गार्ड की तैनाती और एटीएम बंद रखने की व्यवस्था होती, तो ऐसी घटना की संभावना कम होती.

क्या कहते हैं एसबीआई चैनल मैनेजरएसबीआइ चैनल मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि आरबीआइ की गाइडलाइन के अनुसार गार्ड रखने की अनुमति नहीं है और एटीएम को 24 घंटे खुला रखने का निर्देश है. वेंडर के माध्यम से सभी कार्य कराये जाते हैं. समय-समय पर एसबीआइ पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया जाता है. एटीएम में अलार्म घंटों बजने की जानकारी नहीं है. इस मामले की जांच करायी जायेगी.

विज्ञापन
PANCHDEV KUMAR

लेखक के बारे में

By PANCHDEV KUMAR

PANCHDEV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन