रोहतास: नोखा में 25 अगस्त तक 1800 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, BDO ने जनप्रतिनिधियों को दिए निर्देश

फोटो: बैठक को संबोधित करतीं बीडीओ शेफाली | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले के नोखा प्रखंड में 25 अगस्त तक 1800 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है. बीडीओ शेफाली ने सभी जनप्रतिनिधियों से पात्र परिवारों की पहचान कर आवेदन जमा कराने का आग्रह किया है. ऑफलाइन आवेदन की भी सुविधा उपलब्ध है.
Rohtas News : रोहतास जिला के नोखा प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शेफाली की अध्यक्षता में राशन कार्ड निर्माण अभियान को लेकर जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में बताया गया कि प्रखंड को 25 अगस्त तक 1800 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला है. लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए सभी पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई.
कोई भी पात्र परिवार न छूटे : बीडीओ
बीडीओ शेफाली ने कहा कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र परिवारों की पहचान कर समय पर आवेदन जमा कराने का निर्देश दिया. साथ ही आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न कराने पर भी जोर दिया, ताकि तकनीकी त्रुटियों के कारण आवेदन लंबित न रहें.
पंचायत स्तर पर चलेगा विशेष अभियान
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड का लाभ उपलब्ध कराना है.
220 आवेदन मिले, ऑफलाइन आवेदन की भी सुविधा
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राज दीप ने बताया कि अब तक करीब 220 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर तकनीकी समस्या आने की स्थिति में लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है. इच्छुक पात्र परिवार प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन भी जमा कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है और सभी आवेदनों की जांच के बाद पात्र लाभुकों को राशन कार्ड जारी किए जाएंगे.
बिचौलियों से सावधान रहने की अपील
बैठक में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से लोगों को सही जानकारी देने और किसी भी बिचौलिये के झांसे में नहीं आने के लिए जागरूक करने की अपील की. बैठक में प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह हथिनी पंचायत मुखिया दयानंद सिंह, चितरंजन तिवारी, बब्लू कुमार गुप्ता, विवेक सिंह, दीनानाथ राय, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










