रोहतास: अब शिकायत लेकर दफ्तर के चक्कर नहीं काटना पड़ेगा, पोर्टल पर दर्ज होगी छात्रों की हर बात : BDO
फोटो कैप्शन: विद्यार्थी सहयोग शिविर में छात्राओं को पोर्टल की जानकारी देतीं बीडीओ शैफाली | Prabhat Khabar Network
नोखा में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन, अब छात्रों को समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पोर्टल पर दर्ज होगी हर शिकायत।
Rohtas News : रोहतास जिला के नोखा प्रखंड क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. बीडीओ शैफाली और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमन कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया. सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के उपयोग और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.
आपके शहर में
लाइव टेलीकास्ट के जरिए समझाया शिकायत का तरीका
शिविर में छात्राओं को पोर्टल के लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से शिकायत दर्ज करने और उसके निस्तारण की पूरी प्रक्रिया समझाई गई. बीडीओ शैफाली ने कहा कि विद्यार्थी अपनी समस्याओं को सीधे पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं. इससे शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया आसान होगी.
तीन आवेदन मिले, पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
बीडीओ ने बताया कि शिविर में छात्राओं से संबंधित तीन आवेदन प्राप्त हुए हैं. इन शिकायतों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन कराया जाएगा.
कंप्यूटर शिक्षक और स्मार्ट क्लास की मांग
शिविर के दौरान छात्राओं ने विद्यालय से जुड़ी कई समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं. छात्रा नेहा कुमारी ने बताया कि विद्यालय में कंप्यूटर उपलब्ध होने के बावजूद शिक्षक नहीं हैं, जिससे कंप्यूटर की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं सुमित कुमार ने स्मार्ट एलईडी क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग पोर्टल पर दर्ज कराई. छात्राओं ने पढ़ाई, पेयजल और शौचालय से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों को बतायीं.
समाचार पत्र पढ़ने की दी सलाह
बीडीओ शैफाली ने छात्राओं को नियमित रूप से समाचार पत्र-पत्रिकाएं पढ़ने और सामान्य ज्ञान बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ आसपास की घटनाओं और देश-दुनिया की जानकारी रखना भी जरूरी है. इससे विद्यार्थियों का ज्ञान बढ़ेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी.
हर माह चौथे मंगलवार को लगेगा शिविर
बीडीओ ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित किया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समाधान कराना है.
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक ददन सिंह ने किया. मौके पर बुधन चौधरी उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रोहित कुमार, रेहना खातून, अजय कुमार, आशुतोष मिश्रा, चांदनी कुमारी सहित नगर के कई प्रधानाध्यापक मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए