NH-19 पर ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, बेटी की शादी की तैयारियों के बीच घर में छाया मातम
मृतक के परिवार की तस्वीर
Sasaram Road Accident: रोहतास के निवासी 38 वर्षीय युवक की कैमूर में NH-19 पर सड़क हादसे में मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया.
Sasaram Road Accident: (सुजीत कुमार) घर में जहां कुछ दिनों पहले तक बेटी की शादी की तैयारियों को लेकर खुशियों का माहौल था, वहीं अब उसी आंगन में मातम पसरा हुआ है. एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं और हंसता-खेलता परिवार गहरे सदमे में डूब गया.
रोहतास के शिवसागर थाना क्षेत्र के मोहनियां गांव निवासी सोमारु साह के 38 वर्षीय पुत्र अजय कुमार साह सोमवार देर शाम किसी जरूरी काम से बाइक से निकले थे. घर लौटने के दौरान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पछाहगंज के समीप NH-19 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी.
पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, मचा कोहराम
मंगलवार को भभुआ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. पार्थिव शरीर को देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि परिजन बार-बार बेसुध हो जा रहे थे.
परिवार के इकलौते सहारा थे अजय
परिजनों ने बताया कि अजय कुमार साह परिवार के मुख्य सहारा थे. वह होटल व्यवसाय के साथ अन्य कामों से परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं.
बेटी की शादी की चल रही थी तैयारी
जानकारी के आनुसार, उनकी बड़ी पुत्री का हाल ही में छेका संपन्न हुआ था और विवाह की तिथि तय करने की तैयारी चल रही थी. घर में मांगलिक कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं. अब जिस घर में शादी की चर्चा हो रही थी, वहां सन्नाटा पसरा हुआ है.
मिलनसार स्वभाव के थे अजय, गांव में शोक
ग्रामीणों के अनुसार अजय कुमार साह सरल, मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे. गांव के सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी. उनके निधन से सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा मोहनियां गांव मर्माहत है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए