भीषण गर्मी में रोहतास के कई वार्डों में पानी की किल्लत, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग

Updated:
विज्ञापन

Sasaram News: रोहतास में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है. जलमीनार की मोटर खराब होने से कई वार्डों में जलापूर्ति ठप है. लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Sasaram News: (संदेश जायसवाल) रोहतास जिले के चेनारी नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है. नगर पंचायत के कई वार्डों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है. नगर पंचायत परिसर स्थित जलमीनार की मोटर पिछले तीन दिनों से खराब पड़ी है, जिसके कारण लोगों तक नियमित पानी नहीं पहुंच पा रहा है. भीषण गर्मी में पानी की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुबह होते ही लोग पीने के पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर हो रहे हैं. नगर पंचायत के कई मोहल्लों में नलों से पानी नहीं आने के कारण लोग चापाकल और निजी बोरिंग पर निर्भर हो गए हैं. स्थिति यह है कि पानी भरने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है.

जलमीनार बंद होने से ठप हुई जलापूर्ति

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगे जलमीनार कई दिनों से बंद पड़े हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई. वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि गर्मी शुरू होने से पहले जलापूर्ति व्यवस्था की जांच और मरम्मत होनी चाहिए थी, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण आज लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है.

स्थानीय निवासी समसुल हक, दीपू कुमार, गुड्डू कुमार, रवि कुमार, रागिनी देवी और संगीता देवी ने बताया कि पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है. कई घरों में पीने तक का पानी नहीं बच पा रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

वार्डवासी कन्हैया शर्मा ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हर साल गर्मी के मौसम में ऐसी समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता. उन्होंने कहा कि अगर जलमीनार की समय पर जांच और मरम्मत की गई होती तो आज लोगों को इस संकट का सामना नहीं करना पड़ता. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव बेहद गंभीर समस्या है और प्रशासन को इसे प्राथमिकता के आधार पर हल करना चाहिए.

प्रशासन ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

वहीं, नगर पंचायत अधिकारियों का कहना है कि खराब मोटरों को ठीक कराने की प्रक्रिया जारी है. तकनीकी टीम को मरम्मत कार्य में लगाया गया है और जल्द ही सभी वार्डों में नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी. अधिकारियों ने दावा किया कि समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. नगरवासियों का कहना है कि जब तक पानी की सप्लाई सामान्य नहीं होती, तब तक उनकी परेशानी कम नहीं होगी. फिलहाल चेनारी नगर पंचायत के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Also Read:आरा में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जामकर मारपीट और पथराव , इलाके में तनाव का माहौल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन