कोचस प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
जनता दरबार में फरियादियों की समस्या सुनते डीएम | Prabhat Khabar Network
Sasaram News : डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कोचस अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. लंबित फाइलों और सरकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.
Sasaram News : जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को कोचस प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं की प्रगति, कार्यालयीय कार्यों और लंबित मामलों की जमीनी स्थिति की समीक्षा की. लंबित मामलों की लंबी सूची सामने आने पर डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जीवन प्रमाणीकरण, कन्या विवाह योजना, ट्राइसाइकिल वितरण, कैश बुक, समापन एवं नीलामी तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गयी. डीएम ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

परिमार्जन के लंबित आवेदनों पर जतायी नाराजगी
अंचल कार्यालय में राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज और परिमार्जन की प्रगति की जांच की गयी. परिमार्जन के दर्जनों आवेदन लंबित पाये जाने पर डीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लंबित आवेदनों का जल्द निबटारा करने का निर्देश दिया. आगत-निर्गत पंजी की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा.
आरटीपीएस आवेदनों के समय पर निष्पादन पर जोर
डीएम ने आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.
Also Read : कैमूर: वाराणसी से टाटा जा रही यात्री बस की डिग्गी से 194.58 लीटर शराब बरामद, धंधेबाज गिरफ्तार
बस पड़ाव के निर्माण कार्य का लिया जायजा
निरीक्षण के बाद डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इससे पूर्व उन्होंने निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस पड़ाव के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली.
सूर्य मंदिर तालाब के सौंदर्यीकरण का निर्देश
डीएम ने नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह स्थित सूर्य मंदिर पुष्करणी पोखरा का भी स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया. साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यटन की दृष्टि से स्थल के विकास की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की. जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी को सूर्य मंदिर तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
Also Read : कैमूर: कुदरा अंडरब्रिज में टैक्सियों का कब्जा, रोज लगता है जाम, स्कूल बसें घंटों फंसने से बच्चे परेशान
अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर किया सम्मानित
निरीक्षण के दौरान बीडीओ प्रतीक कुमार, कोचस पूर्वी जिला पार्षद नीलम पटेल और प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष हरिहर प्रसाद सिंह ने डीएम दीपक कुमार मिश्रा को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया.
निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर अमर ज्योति, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतीक कुमार, अंचलाधिकारी श्वेता कुमारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह, आरडीओ दीपक कुमार, बीएसओ सुरभि राज, सीडीपीओ सुष्मिता, पीओ शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तुषार कुमार, बीएचएम मतिऊर रहमान ताज, एलईओ शैलेंद्र कुमार, सहायक विद्युत अभियंता अमन कुमार, कनीय अभियंता राहुल रंजन, मुन्ना कुमार, प्रखंड प्रमुख ललिता देवी, मुखिया कमलाकांत पांडेय, अनिल कुमार राय, जोखन जी, विकास तिवारी, धनंजय कुमार सिंह, रतन तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
Also Read : कैमूर: कर्मनाशा में ट्रैक्टर के धक्के से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक होने पर रेफर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए