सड़क हादसे में मृत युवक के परिजन और घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग

Published by :ANURAG SHARAN
Published at :10 May 2026 6:23 PM (IST)
विज्ञापन
सड़क हादसे में मृत युवक के परिजन और घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग

SASARAM NEWS. अधिकारियों व पीएनसी कंपनी के साथ थाना परिसर में हुई बैठक.

विज्ञापन

अधिकारियों व पीएनसी कंपनी के साथ थाना परिसर में हुई बैठक

भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण में लापरवाही का आरोप,

पीएनसी कंपनी को सुरक्षा मानक सुधारने के निर्देश

गड्ढे में गिरने से युवक की हुई थी मौत, दो की हालत गंभीर

चेनारी.

शुक्रवार की रात चेनारी-शिवसागर स्टेट हाइवे पर बरताली गांव के समीप हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत और दो युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद रविवार को चेनारी थाना परिसर में अधिकारियों, पीड़ित परिजनों औक जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की गयी. बैठक में एसडीएम दिलीप कुमार, डीसीएलआर अशोक कुमार, अंचलाधिकारी पूजा शर्मा, थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार और पीएनसी कंपनी के अधिकारी कुमार विश्वास मौजूद थे.बैठक के दौरान चेनारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और पूर्व जिला अध्यक्ष भीम आर्मी के सदस्य अमित पासवान ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. उन्होंने पीएनसी कंपनी को दिये आवेदन में आरोप लगाया कि भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य के दौरान जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ दिये गये हैं, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं.अमित पासवान ने कहा कि चेनारी बाजार की मुख्य सड़क से बिना नंबर प्लेट वाले ओवरलोड मिट्टी लदे वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे सड़क पर मिट्टी फैल रही है और सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है. इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है.

बाइक पर मेला देखने जा रहे तीन युवक गड्ढ़े में गिरकर हुए थे हादसे का शिकार

गौरतलब है कि शुक्रवार रात बरताली गांव के समीप बाइक सवार तीन युवक सड़क किनारे बने गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये थे. घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था. इलाज के दौरान वाराणसी में चेनारी वार्ड संख्या-14 निवासी नबी हुसैन के 17 वर्षीय पुत्र निहाल आलम की मौत हो गयी. वहीं एजाज अहमद का 18 वर्षीय पुत्र इमरोज अंसारी और मल्हीपुर गांव निवासी रामदेव यादव का 18 वर्षीय पुत्र धनु यादव गंभीर रूप से घायल हैं. जानकारी के अनुसार तीनों युवक बाइक से सासाराम में लगे प्रदर्शनी मेला देखने जा रहे थे. इसी दौरान भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण में लगी पीएनसी कंपनी द्वारा खोदे गये गड्ढे में बाइक गिर गयी. घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था और कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया था. ग्रामीणों का कहना था कि निर्माण स्थल पर न तो घेराबंदी की गयी थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था.

बैठक में रखी गयी प्रमुख मांगें

बैठक में मृतक के आश्रित परिवार को आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार, घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों, ठेकेदार और साइट इंजीनियर पर कार्रवाई की मांग उठायी गयी. साथ ही परियोजना स्थल पर सुरक्षा मानकों को तत्काल लागू करने की मांग की गयी.

क्या कहते हैं डीसीएलआर

इस संबंध में डीसीएलआर अशोक कुमार ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद है. पीड़ित परिवार को सड़क दुर्घटना में मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही पीएनसी कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जहां-जहां गड्ढे खोदे गये हैं, वहां सुरक्षा के सभी मानक उपाय सुनिश्चित किये जायें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो.

विज्ञापन
ANURAG SHARAN

लेखक के बारे में

By ANURAG SHARAN

ANURAG SHARAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन