चेनारी-शिवसागर हाइवे पर बड़ा हादसा: गड्ढे में गिरी बाइक, एक की मौत, दो घायल
Published by :ANURAG SHARAN
Published at :09 May 2026 4:56 PM (IST)
विज्ञापन

SASARAM NEWS.चेनारी-शिवसागर स्टेट हाइवे पर बरताली गांव के पास शुक्रवार की रात एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर बने गड्ढे में गिर गयी. जिससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. जिसमें एक की वाराणसी के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी.
विज्ञापन
मेला देखने जा रहे तीन दोस्त बरताली गांव के पास हुए हादसे का शिकार
भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण कंपनी पर सुरक्षा में चूक का आरोप, गड्ढ़ा खोदकर छोड़ दिया
एंबुलेंस न मिलने पर अस्पताल में बवाल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
थानाध्यक्ष ने अपनी गाड़ी से घायलों को भेजा अस्पताल
ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
चेनारी.
चेनारी-शिवसागर स्टेट हाइवे पर बरताली गांव के पास शुक्रवार की रात एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर बने गड्ढे में गिर गयी. जिससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. जिसमें एक की वाराणसी के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान चेनारी वार्ड नंबर-14 निवासी नबी हुसैन के 17 वर्षीय पुत्र निहाल आलम के रूप में की गयी है. वहीं एजाज अहमद का 18 वर्षीय बेटा इमरोज अंसारी और मल्हीपुर गांव निवासी रामदेव यादव का 18 वर्षीय बेटा धनु यादव घायल है. घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 112 व चेनारी थाना की पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचाया. घायलों का उपचार कर रहे डॉ प्रिया शंकर ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार चेनारी निवासी नबी हुसैन का 17 वर्षीय बेटा निहाल आलम, एजाज अहमद का 18 वर्षीय बेटा इमरोज अंसारी और मल्हीपुर गांव निवासी रामदेव यादव का 18 वर्षीय बेटा धनु यादव बाइक से सासाराम में लगे प्रदर्शनी मेला को देखने जा रहे थे. जैसे ही तीनों बरताली गांव के पास पहुंचे, भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण में लगे पीएनसी कंपनी की ओर से स्टेट हाइवे के किनारे खोदे गये गड्ढे में गिर गये. घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया. ग्रामीण पीएनसी कंपनी पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों का कहना था कि कंपनी ने उक्त स्थल पर कई दिनों से गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है और सुरक्षा की दृष्टि से न तो घेराबंदी की है और न ही कोई सांकेतिक बोर्ड लगाया है. वहीं बड़े वाहनों के आवागमन से मुख्य सड़क पर मिट्टी पसरा हुआ है और जहां तहां गड्ढे उभर आये हैं. जिससे बारिश होने के बाद कीचड़ के कारण सड़क पर पिछलन जा रहा है. जिसमें पानी भरने से गड्ढे का पता भी नहीं चल पा रहा है. ऐसे में आये दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.एंबुलेंस के इंतजार में 20 मिनट तक अस्पताल परिसर में तड़पते रहे घायल
सड़क दुर्घटना में घायल तीनों युवक एंबुलेंस के इंतजार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में करीब 20 मिनट तक तड़पते रहे. घायल के परिजन नबी हुसैन ने कहा कि सीएचसी में मेरा बेटा तड़प रहा था. एंबुलेंस चालक परिसर में ही मौजूद थे. लेकिन, वह एंबुलेंस लेकर जाने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे. अस्पताल के कर्मी भी एंबुलेंस भेजने के बजाय टोल फ्री नंबर पर फोन लगाने की बात कह रहे थे.घायलों के लिए मसीहा बनकर पहुंचे थानाध्यक्ष
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दुर्घटना में तीनों घायलों के लिए थानाध्यक्ष देवदूत बनकर पहुंचे. अस्पताल में हो रही देरी को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल अपनी निजी वाहन से सभी घायलों को सदर अस्पताल सासाराम भिजवाया. थानाध्यक्ष के इस कार्य का लोग प्रशंसा कर रहे थे.
घटना के बाद पहुंची तीन थानों की पुलिस
चेनारी-शिवसागर स्टेट हाइवे पर सड़क दुर्घटना में तीन युवक की घायल होने की सूचना जैसे ही मिली, हजारों की संख्या में लोग अस्पताल परिसर में जुट गये और सुविधा नहीं मिलने के बाद हो हंगामा शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने सरकारी अस्पताल में खड़ी एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की कोशिश की. लेकिन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन ने लोगों को समझा बूझकर शांत करा दिया. वहीं भीड़ अधिक होते और हंगामा बढ़ते देख थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दी. जिसके बाद सर्किल इंस्पेक्टर सहित तीन और थानों की पुलिस मौके पर पहुंची .गड्ढे के पास कंपनी ने लगाया होता इंडिकेशन बोर्ड तो नहीं होती घटना
चेनारी-शिवसागर पथ पर बरताली गांव के समीप भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण कंपनी की ओर से गांव से आगे एक गड्ढा खोदा गया है. पर, गड्ढे के आगे न तो किसी प्रकार की कोई घेराबंदी की गयी है और न ही वहां कोई सुरक्षा मानक बोर्ड लगा हुआ है. जबकि गड्ढे के अंदर लोहे का सरिया निकला हुआ है. चेनारी नगर पंचायत निवासी धर्मेंद्र गुप्ता ने कहा कि अगर एक्सप्रेसवे निर्माण में लगी कंपनी की ओर से कोई सुरक्षा बोर्ड या उसकी घेराबंदी की गयी होती, तो इतनी बड़ी दुर्घटना नहीं होती. शुक्रवार की रात अनियंत्रित होकर बाइक गड्ढे में गिरा था. जिसमें एक युवक के सिर में सरिया घुस गया था.स्कॉर्पियो के चकमा देने से बिगड़ा बाइक का संतुलन,दो युवक घायल
चेनारी.
चेनारी-मल्हीपुर स्टेट हाइवे पर गणेशपुर गांव के समीप शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान कैमूर जिले के बेलाव थाना क्षेत्र अंतर्गत अहमदपुर गांव निवासी मोतीलाल यादव के पुत्र गुड्डू यादव और सिकंदर यादव के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार दोनों युवक मल्हीपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान गणेशपुर गांव के समीप मल्हीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के चकमा देने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद उसी रास्ते से बारात से लौट रहे घायल सिकंदर यादव के जीजा विकास यादव की नजर दोनों युवकों पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचाया.वहीं जांच व प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया.इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










