रोहतास में नशामुक्त विद्यालय पोर्टल पर फिसड्डी चार प्रखंड, 50% से कम पंजीयन पर BEO से मांगा स्पष्टीकरण
फोटो कैप्शन : जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान रोहतास का कार्यालय. | Prabhat Khabar Network
नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल पर स्कूलों के कम पंजीयन को लेकर रोहतास के चार प्रखंडों के बीईओ से दो दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
Rohtas News : नशामुक्त विद्यालय पोर्टल पर स्कूलों के शत-प्रतिशत पंजीयन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान रजनीश उपाध्याय ने सासाराम, अकोढ़ीगोला, राजपुर और नोखा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों से दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है. साथ ही संबंधित प्रखंडों के सभी स्कूलों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है.
आपके शहर में
25 अगस्त तक चारों प्रखंडों में 50% से कम पंजीयन
डीपीओ ने बताया कि स्कूलों के शत-प्रतिशत पंजीयन को लेकर पूर्व में भी निर्देश जारी किये जा चुके हैं. प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसकी समीक्षा की जा रही है. इसके बावजूद 25 अगस्त तक चारों प्रखंडों में पंजीयन की उपलब्धि 50 प्रतिशत से कम बनी हुई है. राज्य स्तर से भी प्रतिदिन पंजीयन की प्रगति की जानकारी मांगी जा रही है.
सासाराम सबसे पीछे, सिर्फ 30% स्कूल हुए पंजीकृत
सासाराम प्रखंड की स्थिति सबसे खराब बतायी गयी है. यहां कुल 321 स्कूलों में से महज 97 का नशामुक्त विद्यालय पोर्टल पर पंजीयन हुआ है. जबकि 224 स्कूल अब भी पंजीयन से वंचित हैं. प्रखंड की उपलब्धि सिर्फ 30 प्रतिशत है.
राजपुर और अकोढ़ीगोला में भी लक्ष्य से काफी पीछे
राजपुर प्रखंड में 89 में से 40 स्कूलों का पंजीयन हुआ है, जिसकी उपलब्धि 45 प्रतिशत है. वहीं अकोढ़ीगोला में 119 में से 55 स्कूल पंजीकृत हुए हैं. यहां पंजीयन की उपलब्धि 46 प्रतिशत दर्ज की गयी है.
नोखा में 47% पंजीयन, दो दिन में सुधार का निर्देश
नोखा प्रखंड में कुल 190 स्कूलों में से 90 का पंजीयन हुआ है. यहां उपलब्धि 47 प्रतिशत है. डीपीओ ने सभी संबंधित बीईओ को लंबित स्कूलों का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया है.
बिक्रमगंज 75% पंजीयन के साथ सबसे आगे
जिले में पंजीयन के मामले में बिक्रमगंज प्रखंड सबसे आगे है. यहां कुल 158 में से 118 स्कूलों का पंजीयन हो चुका है और उपलब्धि 75 प्रतिशत है. दिनारा एवं संझौली में 72-72 प्रतिशत, तिलौथू में 69 प्रतिशत, नासरीगंज एवं कोचस में 67-67 प्रतिशत तथा करगहर में 62 प्रतिशत स्कूलों का पंजीयन हुआ है. अन्य प्रखंडों में भी पंजीयन की प्रगति 50 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गयी है.
दो दिनों में जवाब और पंजीयन पूरा करने का निर्देश
डीपीओ रजनीश उपाध्याय ने संबंधित बीईओ से कम प्रगति का कारण स्पष्ट करते हुए दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है. साथ ही लंबित पंजीयन को भी इसी अवधि में पूरा कराने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लगातार निर्देश के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण संबंधित पदाधिकारियों से जवाब मांगा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए