बारुन में दामाद के घर पर ससुराल पक्ष का हमला, गोलीबारी और पथराव के बाद मॉब लिंचिंग की आयी नौबत

Updated:
विज्ञापन
बारुन में दामाद के घर पर ससुराल पक्ष का हमला, गोलीबारी और पथराव के बाद मॉब लिंचिंग की आयी नौबत

SASARAM NEWS. थाना क्षेत्र के बारुन गांव में चार वर्षों से चल रहे पति-पत्नी के विवाद ने शनिवार को अचानक हिंसक रूप ले लिया.ससुराल पक्ष के लोग हथियार के साथ दामाद के घर पहुंच गये, जहां मारपीट, पथराव और कथित गोलीबारी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.

विज्ञापन

ग्रामीणों ने ससुर, साले समेत तीन को पकड़कर पुलिस को सौंपा, एयरफोर्स जवान घायल, लोडेड कट्टा बरामद

सूर्यपुरा.

थाना क्षेत्र के बारुन गांव में चार वर्षों से चल रहे पति-पत्नी के विवाद ने शनिवार को अचानक हिंसक रूप ले लिया.ससुराल पक्ष के लोग हथियार के साथ दामाद के घर पहुंच गये, जहां मारपीट, पथराव और कथित गोलीबारी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस के समय पर पहुंचने से संभावित मॉब लिंचिंग की बड़ी घटना टल गयी. मिली जानकारी के अनुसार, गरहथा गांव निवासी सुरेंद्र पांडेय (56 वर्ष) अपने पुत्र संदीप कुमार (30 वर्ष) और साथी रविंद्र सिंह (ग्राम मझिआंव, हसनबाजार) सहित अन्य लोगों के साथ दामाद उत्तम तिवारी के घर बारुन पहुंचे. आरोप है कि सभी लोग हथियार से लैस थे और पहुंचते ही उत्तम तिवारी को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया. इस दौरान ईंट-पत्थर से मारपीट की गयी, जिससे उत्तम तिवारी गंभीर रूप से जख्मी हो गये.

घायल एयरफोर्स जवान की बहन के पुकार पर आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने किया हमला

घायल उत्तम तिवारी की बहन सुमन की मदद की गुहार लगाने पर पहुंचे ग्रामीणों को देख ससुर, साले और उनके साथ आये लोग गाड़ी की तरफ भागने लगे. लोग गाड़ी पर टूट पड़े, कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. हंगामा इतना बढ़ा गया कि सभी जान बचा कर भागने लगे और लोग उनका पीछा करने लगे. इस बीच भाग रहे लोगों ने कई राउंड गोली भी चलायी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामा बढ़ने, गोली चलने और शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गये और भाग रहे हमलावरों में से तीन लोगों को पकड़ लिया. भीड़ का गुस्सा इतना बढ़ गया था कि मॉब लींचिंग की स्थिति बन गयी, लेकिन समय रहते पुलिस पहुंच गयी और तीनों को अपने कब्जे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया. पकड़े गये लोगों में सुरेंद्र पांडेय, संदीप कुमार और रविंद्र सिंह शामिल हैं, जबकि दो अन्य आरोपित मौके से फरार होने में सफल रहे. ग्रामीणों ने पकड़े आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया गया.

2021 में हुई थी उत्तम तिवारी की उर्वशी से शादी, लेकिन ज्यादा समय से मायके में है उर्वशी

घायल उत्तम तिवारी, जो एयर फोर्स में कार्यरत हैं, ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2021 में सुरेंद्र पांडेय की पुत्री उर्वशी कुमारी से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद पत्नी मायके में रहने लगी. उन्होंने आरोप लगाया कि ससुर द्वारा उनके खिलाफ आरा न्यायालय में तीन परिवाद भी दर्ज कराये गये हैं. शनिवार को हुए इस हमले में उत्तम तिवारी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग पूर्व नियोजित तरीके से उन्हें जान से मारने की नीयत से आये थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है. मौके पर पहुंचे डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से एक देसी लोडेड कट्टा भी बरामद किया गया है. पीड़ित पक्ष की बात सुन कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.

विज्ञापन
Anurag Sharan

लेखक के बारे में

By Anurag Sharan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन