मल्हीपुर पंचायत में पैक्स चुनाव के लिए 51.76% हुआ मतदान

प्रखंड क्षेत्र की मल्हीपुर पंचायत में पैक्स चुनाव के लिये कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया
चेनारी. प्रखंड क्षेत्र की मल्हीपुर पंचायत में पैक्स चुनाव के लिये कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. मतदान के लिये मनरेगा भवन भाग 1 व 2, आंगनबाड़ी केंद्र (मनरेगा भवन के समीप), पंचायत सरकार भवन भाग 1, 2, 3 तथा प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर के कमरा नंबर एक व दो में कुल आठ बूथ बनाये गये थे. सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गयी थीं. गर्मी के बावजूद मतदाताओं में उत्साह कायम रहा. महिला मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर वोट डाले. 11 बजे के बाद भीड़ कुछ कम हुई, लेकिन दोपहर दो बजे के बाद फिर से संख्या बढ़ने लगी, जो मतदान समाप्ति तक जारी रही. निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराने के लिये मतदान कर्मियों व पीठासीन पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. शांतिपूर्ण मतदान के लिये मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे समय चौकसी बरती गयी. मतदान के दौरान आरओ सह बीडीओ प्रियंका कुमारी, चेनारी थानाध्यक्ष रंजन कुमार व उगहनी ओपी प्रभारी राजेश कुमार दलबल के साथ केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. मल्हीपुर पंचायत में कुल 5083 मतदाता हैं. प्रत्येक केंद्र पर छह मतदान कर्मी तैनात किये गये थे. आरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि शाम 4:30 बजे मतदान समाप्ति के बाद कुल 51.76% मतदान हुआ. इसमें 2631 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 1644 पुरुष व 987 महिला मतदाता शामिल हैं. मतदान समाप्ति के बाद बुधवार को ही रामदुलारी गंगा 2 उच्च विद्यालय, चेनारी में मतगणना का कार्य भी होना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




