सारण में डंपर से युवक की मौत के बाद बवाल, शव रखकर सड़क जाम, पुल निर्माण कंपनी का काम रुकवाया

Author Manoj kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
गंडक नदी में पुल निर्माण कंपनी के प्लांट के बाहर शव रखकर ग्रामीणों ने किया हंगामा , भलुआ सारण तटबंध के समीप डंपर की चपेट में आने से बुधवार की देर संध्या एक युवक की मौत हो गयी थी

शव के साथ प्रदर्शन कर रहे आक्रोशितों को समझाते प्रमुख प्रतिनिधि, सीओ, थानाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

तरैया में डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गंडक पुल निर्माण कंपनी के प्लांट के बाहर जमकर हंगामा किया।

विज्ञापन

Saran Taraiya Dumper Accident : सारण जिले के तरैया में डंपर की चपेट में युवक की मौत के बाद गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने सारण तटबंध और गंडक नदी पुल निर्माण कंपनी के चंचलिया प्लांट के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया. इस दौरान मुआवजे की मांग को लेकर पुल निर्माण कार्य भी रोक दिया गया.

Saran News : शव रखकर सड़क जाम, पुल निर्माण कार्य कराया बंद

बुधवार की देर शाम सारण तटबंध-भलुआ बाजार के समीप पुल निर्माण कार्य में लगे डंपर की चपेट में आने से भलुआ शंकरडीह निवासी जैनुद्दीन की मौत हो गई थी. पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने पहले सारण तटबंध पर और बाद में चंचलिया प्लांट के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया तथा पुल निर्माण कार्य रोक दिया.

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद तरैया के अंचलाधिकारी अजय कुमार भी घटनास्थल पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया.

मुआवजे और सरकारी सहायता की उठी मांग

प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह 'विक्कू' भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और बीडीओ से फोन पर बात कर तत्काल पारिवारिक लाभ योजना तथा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.

रात में चलें भारी वाहन, ग्रामीणों की मांग

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुल निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर, पुलिस और प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि निर्माण सामग्री लेकर आने वाले भारी वाहनों का परिचालन केवल रात के समय कराया जाए. उनका कहना है कि तरैया बाजार से चंचलिया दियारा स्थित प्लांट तक जाने वाला रास्ता संकरा और सिंगल लेन है, जहां दिन में बड़ी संख्या में 18 चक्का हाइवा ट्रकों के परिचालन से आम लोगों और बाइक चालकों की जान जोखिम में पड़ जाती है.

संकरे रास्ते पर बढ़ रहा हादसों का खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि भारी वाहनों के कारण कई बार बाइक सवार सड़क किनारे खेतों में गिर चुके हैं. यदि सामने से हाइवा ट्रक आ जाए तो सुरक्षित निकलना मुश्किल हो जाता है. लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भारी वाहनों के परिचालन का समय निर्धारित करने की मांग की.

आलसों Read : गोपालगंज में मानसून हुआ एक्टिव, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं मध्यम बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अलर्ट



विज्ञापन
Manoj Kumar

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन