सारण : बिहार के डिग्री कॉलेजों में उर्दू समेत 4 विषयों की सीटों की मांग, पटना, छपरा और आरा के स्कॉलर्स ने डिप्टी CM से की मुलाकात
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात करते प्रतिनिमंडल के सदस्य
Bihar New Degree Colleges : बिहार के 211 नए डिग्री कॉलेजों में उर्दू, दर्शनशास्त्र, संस्कृत और मैथिली जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल नहीं किए जाने पर छात्रों और शोधकर्ताओं ने चिंता जताई है. उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर इन विषयों की सीटों को शामिल करने और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है.
Bihar New Degree Colleges : छपरा में बिहार सरकार की ओर से खोले गये 211 नये डिग्री कॉलेजों में उर्दू, दर्शनशास्त्र, संस्कृत और मैथिली जैसे विषयों की सीटें शामिल नहीं किये जाने का मामला अब सरकार तक पहुंच गया है. विभिन्न विश्वविद्यालयों के रिसर्च स्कॉलरों के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर इन विषयों को नये कॉलेजों में शामिल करने और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की. इससे पहले प्रतिनिधिमंडल उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के सामने भी अपनी मांग रख चुका है.
आपके शहर में
211 नए डिग्री कॉलेजों में विषयों की सीट को लेकर उठे सवाल
रिसर्च स्कॉलरों का कहना है कि बिहार सरकार की ओर से खोले गये 211 नये डिग्री कॉलेजों में उर्दू, दर्शनशास्त्र, संस्कृत और मैथिली विषयों की सीटें स्वीकृत नहीं की गयी हैं. प्रतिनिधिमंडल ने इसे इन विषयों के विद्यार्थियों और शोधार्थियों के हित से जुड़ा गंभीर मामला बताया है.
डिप्टी CM विजय कुमार चौधरी से मिले रिसर्च स्कॉलर
मामले को लेकर विभिन्न विश्वविद्यालयों के रिसर्च स्कॉलरों का प्रतिनिधिमंडल बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने उनसे आग्रह किया कि नये डिग्री कॉलेजों में इन महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया जाये. साथ ही संबंधित विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति कर जल्द पढ़ाई शुरू कराने की मांग की गयी.
विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर जतायी चिंता
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि इन विषयों की सीट नहीं होने से संबंधित विषयों के विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा के अवसर सीमित हो सकते हैं. रिसर्च स्कॉलरों ने मांग की कि नये कॉलेजों में उर्दू, दर्शनशास्त्र, संस्कृत और मैथिली के साथ अन्य महत्वपूर्ण विषयों के पद भी स्वीकृत किये जायें.
उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी हो चुकी है मुलाकात
रिसर्च स्कॉलरों के प्रतिनिधिमंडल ने इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षा सचिव राजीव रोशन और विशेष सचिव पवन कुमार सिन्हा से भी मुलाकात की थी. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जमीनी स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया और नये डिग्री कॉलेजों में इन विषयों के पद शामिल कर शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की.
इन विश्वविद्यालयों के रिसर्च स्कॉलर रहे शामिल
प्रतिनिधिमंडल में जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के उर्दू विभाग के रिसर्च स्कॉलर मो मरजान अली, एएन कॉलेज, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के छात्र मोहम्मद आसिफ अली, पटना विश्वविद्यालय की रिसर्च स्कॉलर फरहत सगीर, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा की रिसर्च स्कॉलर नाहिद परवीन और पटना विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कॉलर मोहम्मद आमिर शामिल रहे.
अब सरकार के फैसले पर टिकी नजर
रिसर्च स्कॉलरों ने सरकार से इन विषयों को 211 नये डिग्री कॉलेजों में शामिल करने की दिशा में जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है. प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि विषयों के पद स्वीकृत होने के बाद शिक्षकों की नियुक्ति कर पढ़ाई शुरू कराने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे.
Also Read : मढ़ौरा की जामा मस्जिद में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर विशेष दुआ, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी गई दुआ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए