सारण: जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने जारी किया स्नातक परीक्षा शेड्यूल, जानें कब होगी परीक्षा
फोटो, जेपीयू का प्रशासनिक भवन | Prabhat Khabar Network
जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने स्नातक फिफ्थ सेमेस्टर सत्र 2023-27 की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा 22 सितंबर से 26 सितंबर तक दो पालियों में आयोजित होगी।
Saran news : जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने स्नातक फिफ्थ सेमेस्टर सत्र 2023-27 की परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए बताया कि परीक्षा 22 से 26 सितंबर तक दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी.
आपके शहर में
दो ग्रुप में बांटे गये स्नातक के विषय
परीक्षा के लिए स्नातक के सभी विषयों को ग्रुप ए और ग्रुप बी में बांटा गया है. ग्रुप ए में भौतिकी, केमिस्ट्री, गणित, बॉटनी, जूलॉजी, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान और कॉमर्स को शामिल किया गया है. वहीं ग्रुप बी में भोजपुरी, इतिहास, लेबर एंड सोशल वेलफेयर, अर्थशास्त्र, संस्कृति, संगीत, एआइएच एंड सी, ग्रामीण अर्थशास्त्र, भूगोल, अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू, गृह विज्ञान, सोशियोलॉजी और पर्शियन विषय शामिल हैं.
22 सितंबर से शुरू होगी परीक्षा
शेड्यूल के अनुसार 22 सितंबर को पहली पाली में ग्रुप ए के विषयों के मेजर कोर्स पेपर आठ की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में ग्रुप बी के विषयों के मेजर कोर्स पेपर आठ की परीक्षा आयोजित की जायेगी.
23 सितंबर को पहली पाली में ग्रुप ए के मेजर कोर्स पेपर नौ और दूसरी पाली में ग्रुप बी के मेजर कोर्स पेपर नौ की परीक्षा होगी.
24 और 26 सितंबर को माइनर कोर्स की परीक्षा
24 सितंबर को पहली पाली में ग्रुप ए के माइनर कोर्स पेपर पांच की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में ग्रुप बी के माइनर कोर्स पेपर पांच की परीक्षा ली जायेगी.
इसके बाद 26 सितंबर को पहली पाली में ग्रुप ए के माइनर कोर्स पेपर छह और दूसरी पाली में ग्रुप बी के माइनर कोर्स पेपर छह की परीक्षा आयोजित की जायेगी.
8 अक्टूबर से कॉलेजों में होगी प्रायोगिक परीक्षा
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि लिखित परीक्षा समाप्त होने के बाद 8 अक्टूबर से संबंधित कॉलेजों में प्रायोगिक परीक्षा शुरू होगी. प्रायोगिक परीक्षा 8 से 12 अक्टूबर तक अलग-अलग शेड्यूल के अनुसार आयोजित की जायेगी. इसकी विस्तृत जानकारी छात्र-छात्राओं को संबंधित कॉलेज से मिलेगी.
12 सितंबर तक भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म
फिलहाल स्नातक फिफ्थ सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है. विश्वविद्यालय ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 12 सितंबर कर दी है. फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से एडमिट कार्ड जारी किया जायेगा.
कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर प्राचार्यों के साथ होगी बैठक
परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक करेगा. बैठक में कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजित कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए