तरैया में घट रहा गंडक नदी का जलस्तर, सारण तटबंध पर प्रशासन की नजर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
गंडक नदी जलस्तर सामान्य गंडक नदी तट
गंडक नदी के जलस्तर में हो रही लगातार कमी के बीच, तरैया प्रखंड के अधिकारियों ने तटबंधों का निरीक्षण किया. फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
Gandak River Water Level: तरैया प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली गंडक नदी के जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है. शनिवार को तरैया प्रखंड विकास पदाधिकारी विभु विवेक और प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू ने दोपहर बाद सारण तटबंध और गंडक नदी के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति का जायजा लेने के साथ नदी के जलस्तर की जानकारी ली और स्थानीय लोगों से बातचीत की.
आपके शहर में
गंडक का जलस्तर सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं
बीडीओ विभु विवेक ने कहा कि गंडक नदी के जलस्तर में लगातार कमी हो रही है और फिलहाल स्थिति सामान्य है. उन्होंने गंडक नदी के तटीय इलाकों और सारण तटबंध के नीचे बसे लोगों से अपील की कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन सभी लोग सतर्क और सचेत रहें.
उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय स्तर के अधिकारी सारण तटबंध पर विशेष नजर रख रहे हैं. जल संसाधन विभाग की टीम भी नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव की लगातार निगरानी कर रही है. नदी के बढ़ते और घटते जलस्तर की 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है.
बीडीओ ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
दियारा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को किया जागरूक
तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू ने भी शनिवार को प्रखंड के अंतर्गत आने वाले गंडक नदी के दियारा और तटीय क्षेत्रों का दौरा किया. उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर नदी के वर्तमान जलस्तर की स्थिति की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि गंडक नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है और फिलहाल सामान्य स्थिति बनी हुई है. इसके बावजूद लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होती है तो लोग आवश्यक सामान लेकर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं. हालांकि वर्तमान स्थिति को देखते हुए ऐसी नौबत आने की संभावना नहीं है.
तटीय इलाकों के लोगों से धैर्य रखने की अपील
माधोपुर मुखिया सह जदयू नेता सुशील सिंह ने माधोपुर पंचायत के गंडक नदी के तटीय इलाके में बसे सगुनी, शामपुर, राजवारा, अरदेवा, बनिया हसनपुर, हरपुर फरीदन, शीतलपुर, चंचलिया और चंचलिया दियारा के लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की.
उन्होंने कहा कि गंडक नदी के जलस्तर में लगातार कमी हो रही है. जल संसाधन विभाग के पदाधिकारी नदी के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं. इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, केवल सतर्क और सचेत रहने की आवश्यकता है.
उन्होंने कहा कि प्रशासन के वरीय अधिकारियों से लेकर कनीय अधिकारी तक पूरी मुस्तैदी के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं. किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए