पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा के घर चोरी, खिड़की की रॉड तोड़कर घुसे चोर; FSL-SIT और डॉग स्क्वायड ने की जांच
एफएसएल की टीम घटना स्थल पर पहुंच जुटाए साक्ष
बिहार सरकार के पूर्व नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा के घर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाई. खिड़की की रॉड तोड़कर घर में घुसे और छह कमरों सहित पूजा घर खंगाला. FSL, SIT और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.
Former Minister theft: परसा थाना क्षेत्र के लतरहिया बहलोलपुर निवासी बिहार सरकार के पूर्व नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा के घर में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर खिड़की की लोहे की रॉड तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और करीब छह कमरों सहित पूजा घर में रखे सामान को खंगाला. घटना की जानकारी शनिवार की सुबह होने के बाद परसा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
आपके शहर में
घटना की सूचना मिलते ही परसा थानाध्यक्ष ओम प्रकाश पुलिस बल के साथ पूर्व मंत्री के घर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली. चोरी की घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष की मांग पर एफएसएल, एसआईटी और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया.

खिड़की की रॉड तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
पूर्व मंत्री के भाई सुनील शर्मा ने बताया कि घर की निगरानी के लिए एक व्यक्ति को रखा गया है, जो पिछले करीब 30 वर्षों से घर की देखरेख करता है. उन्होंने बताया कि रक्षा बंधन त्योहार के कारण शुक्रवार की रात निगरानी करने वाले गेनी सिंह अपने घर चले गए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की खिड़की की लोहे की रॉड तोड़ दी और अंदर प्रवेश कर गए.

चोरों ने घर के करीब छह कमरों के साथ पूजा घर में भी सामान को खंगाला. इस दौरान गोल्ड की एक माला, बक्सा, पेटी, अलमारी, ट्रंक और ड्रेसिंग टेबल आदि को तोड़कर सामान की तलाशी ली गयी. हालांकि, परिजनों के अनुसार अभी तक घर से किसी बड़े सामान के चोरी होने की जानकारी नहीं मिली है.
चार भाई रहते हैं एक ही घर में
सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि इस घर में चार भाई रहते हैं. इनमें बिहार सरकार के पूर्व नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, सुनील कुमार और सुबोध कुमार शर्मा शामिल हैं. उन्होंने बताया कि इतने वर्षों में पहली बार घर में चोरी की घटना हुई है.

FSL, SIT और डॉग स्क्वायड ने जुटाये साक्ष्य
चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस ने घटनास्थल पर विशेष जांच करायी. एफएसएल पदाधिकारी रत्ना राभा, एसआईटी पदाधिकारी धनंजय कुमार सहित डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों और टूटे सामान की जांच कर संभावित साक्ष्य जुटाये.
पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का उद्भेदन किया जा सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए